Vedant Fashions: Vedant Fashions का इश्यू 4 फरवरी को खुलेगा और 8 फरवरी को बंद होगा। कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड 824-866 रुपए तय हुआ है। कंपनी का इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। कंपनी के प्रमोटर और मौजूदा शेयरहोल्डर्स 36,364,838 इक्विटी शेयर OFS में बेच रहे हैं। कंपनी इश्यू से 3,149 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में हैं।
ब्रोकरेज फर्म एंजल वन के मुताबिक, “वेदांत फैशंस का हाई ऑपरेटिंग मार्जिन, असेट लाइट बिजनेस, मजबूत ब्रांड और प्रोडक्ट्स की बड़ी रेंज है, लेकिन हमारा मानना है कि इन पॉजिटिव बातों को कंपनी ने वैल्युएशन में शामिल कर लिया है। इसलिए, हमें इस इश्यू को न्यूट्रल रेटिंग दी है।”
चॉइस ब्रोकिंग के एनालिस्ट्स ने की राय में, इसकी कीमत काफी ज्यादा है और इनवेस्टर्स की सेफ्टी के लिए कोई मार्जिन नहीं छोड़ा गया है। उन्होंने कहा, “इसलिए वैल्युएशन के मोर्चे पर सतर्क रहने की जरूरत है। सभी पहलुओं पर विचार करते हुए हम इश्यू के लिए ‘सतर्कता के साथ सब्सक्राइब’ करने की सलाह देते हैं।”
एंकर इनवेस्टर्स से जुटाए 945 करोड़ रुपए
वेदांत फैशंस (Vedant Fashions) ने IPO खुलने से एक दिन पहले 3 फरवरी को एंकर इनवेस्टर्स से 945 करोड़ रुपए जुटाए हैं। BSE को दी गई जानकारी के मुताबिक, Vedant Fashions ने एंकर इनवेस्टर्स को 1,09,09,450 इक्विटी शेयर जारी किए हैं। एंकर इनवेस्टर्स को ये शेयर 866 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से दिए गए हैं। इस हिसाब से Vedant Fashions ने एंकर इनवेस्टर्स से 944.75 करोड़ रुपए जुटाए हैं।
Vedant Fashions के एंकर इनवेस्टर्स में गवर्मेंट ऑफ सिंगापुर, मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर, फिडेलिटी, नोमुरा, अबुधाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी, मॉर्गन स्टैनली एशिया (सिंगापुर), BNP पारिबा आरबिट्राज और सोसाइटी जेनराली शामिल हैं।
इसके अलावा HDFC लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, SBI म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, कोटक म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सनलाइफ म्यूचुअल फंड, सुंदरम म्यूचुअल फंड और UTI म्यूचुअल फंड्स ने भी कंपनी के शेयर लिए हैं।
बाजार के जानकारों के मुताबिक, Vedant Fashions के शेयर इश्यू खुलने से एक दिन पहले ग्रे मार्केट में 43 रुपए प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इस हिसाब से कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में 909 रुपए पर ट्रेड कर रहे हैं।
Vedant Fashions के शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 16 फरवरी 2022 को होने वाली है। Vedant Fashions मेंस वेडिंग एंड सेलिब्रेशन वीयर सेगमेंट में भारत की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है। कंपनी का फ्लैगशिप ब्रांड मान्यवर ब्रांडेड वेडिंग एंड सेलिब्रेशन वीयर मार्केट में लीडर है। इसकी मौजूदगी देश भर में है। इस ग्रुप के दूसरे ब्रांड्स में त्वमेव (Twamev), मंथन (Manthan), मोहे (Mohey) और मेबाज (Mebaz) शामिल हैं।
सितंबर 2021 तक कंपनी के कुल 546 एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट हैं। इनमें से दुनिया के दूसरे देशों में 58 शॉप-इन-शॉप्स मौजूद हैं। इन में यूनाइटेड स्टेट, कनाडा और UAE सहित 11 ऐसे देशों में कंपनी के एक्सक्लूसिव ब्रांड स्टोर हैं जहां भारतीयों की संख्या ज्यादा है।