Vedant Fashions IPO: मान्यवर ब्रांड चलाने वाली कंपनी Vedant Fashions का इश्यू 4 फरवरी को खुला था। पहले ही इश्यू को निवेशकों की बहुत अच्छी प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई थी। Vedant Fashions का इश्यू पहले दिन तक सिर्फ 14% ही सब्सक्राइब हो पाया था। कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड 824-866 रुपए है। कंपनी का इश्यू 8 फरवरी को बंद होने वाला है और आज इसका दूसरा दिन है।
BSE के आंकड़ों के मुताबिक, दूसरे दिन तक Vedant Fashions का इश्यू 21% सब्सक्राइब हुआ है। इनवेस्टर्स ने कंपनी के 2.54 करोड़ शेयरों के बदले अभी तक सिर्फ 52.37 लाख शेयरों के लिए बोली लगाई है। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्से में अभी सिर्फ 31% बोली लगी है। वहीं क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स ने अपने लिए रिजर्व हिस्से में 11% और इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के हिस्से में सिर्फ 9% बोली लगी है।
Vedant Fashions का इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। कंपनी के प्रमोटर्स और मौजूदा इनवेस्टर्स 3,63,64,838 शेयर बेच ररे हैं। कंपनी कुल 3149 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है। इश्यू खुलने से एक दिन पहले कंपनी ने एंकर इनवेस्टर्स से 945 करोड़ रुपए जुटाए थे।
बाजार के जानकारों के मुताबिक, Vedant Fashions का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) लगातार गिर रहा है। आज ग्रे मार्केट में इसके अनलिस्टेड शेयर 16 रुपए प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इस हिसाब से देखें को Vedant Fashions के शेयर अभी 882 रुपए (866+16) पर ट्रेड कर रहे हैं। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 16 फरवरी को होने वाली है। इससे पहले Vedant Fashions के इश्यू का GMP 18 रुपए था।
इंडियन वेडिंग और सेलिब्रेशन कैटेगरी में Vedant Fashions का मान्यवर ब्रांड लीडर है। इसकी मौजूदगी देशभर में है। कंपनी के दूसरे अहम ब्रांड्स में मोहे, मंथन, त्वमेव और मेबाज है।
KR चोकसी ने इस IPO के बारे में अपने एक नोट में कहा था, "Vedant Fashions की बैलेंस शीट मजबूत है और कंपनी पर कोई कर्ज नहीं है। यह एसेट लाइट मॉडेल पर काम करती है। इन सबको देखते हुए हम इसे खरीदने की सलाह दे रहे हैं।"