Vedant Fashions: मान्यवर ब्रांड की मालिक कंपनी वेदांत फैशंस (Vedant Fashions) ने IPO खुलने से एक दिन पहले 3 फरवरी को एंकर इनवेस्टर्स से 945 करोड़ रुपए जुटाए हैं। BSE को दी गई जानकारी के मुताबिक, Vedant Fashions ने एंकर इनवेस्टर्स को 1,09,09,450 इक्विटी शेयर जारी किए हैं। एंकर इनवेस्टर्स को ये शेयर 866 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से दिए गए हैं। इस हिसाब से Vedant Fashions ने एंकर इनवेस्टर्स से 944.75 करोड़ रुपए जुटाए हैं।
Vedant Fashions के एंकर इनवेस्टर्स में गवर्मेंट ऑफ सिंगापुर, मॉनेटरी अथॉरिटी ऑफ सिंगापुर, फिडेलिटी, नोमुरा, अबुधाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी, मॉर्गन स्टैनली एशिया (सिंगापुर), BNP पारिब आरबिट्राज और सोसाइटी जेनराली शामिल हैं।
इसके अलावा HDFC लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, SBI म्यूचुअल फंड, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, कोटक म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सनलाइफ म्यूचुअल फंड, सुंदरम म्यूचुअल फंड और UTI म्यूचुअल फंड्स ने भी कंपनी के शेयर लिए हैं।
Vedant Fashions का इश्यू 4 फरवरी को खुलेगा और 8 फरवरी को बंद होगा। कंपनी के इश्यू का प्राइस बैंड 824-866 रुपए तय हुआ है।
कंपनी का इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है। कंपनी के प्रमोटर और मौजूदा शेयरहोल्डर्स 36,364,838 इक्विटी शेयर OFS में बेच रहे हैं। कंपनी इश्यू से 3,149 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में हैं।
बाजार के जानकारों के मुताबिक, Vedant Fashions के शेयर इश्यू खुलने से एक दिन पहले ग्रे मार्केट में 43 रुपए प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इस हिसाब से कंपनी के शेयर ग्रे मार्केट में 909 रुपए पर ट्रेड कर रहे हैं।
Vedant Fashions के शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 16 फरवरी 2022 को होने वाली है। सितंबर 2021 तक कंपनी के कुल 546 एक्सक्लूसिव ब्रांड आउटलेट हैं। इनमें से दुनिया के दूसरे देशों में 58 शॉप-इन-शॉप्स मौजूद हैं। इन में यूनाइटेड स्टेट, कनाडा और UAE सहित 11 ऐसे देशों में कंपनी के एक्सक्लूसिव ब्रांड स्टोर हैं जहां भारतीयों की संख्या ज्यादा है।