कॉन्डिमेंट और सॉस बनाने वाली प्रमुख कंपनी वीबा फूड्स (Veeba Foods) अपना IPO लाने वाली है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने Moneycontrol को बताया है कि कंपनी ने प्री-IPO कैपिटल जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी की शुरुआत एंटरप्रेन्योर और शार्क टैंक सीजन 4 के जज विराज बहल ने की थी। कंपनी में बेल्जियम की इनवेस्टर वर्लिनवेस्ट (Verlinvest) और वेंचर कैपिटल फर्म्स- DSG कंज्यूमर पार्टनर्स व सामा कैपिटल का भी पैसा लगा हुआ है। इन तीनों की वीबा फूड्स में कुल हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से थोड़ी ज्यादा है। वहीं बहल की हिस्सेदारी 40-45 प्रतिशत के बीच है और बाकी हिस्सेदारी ESOP (एंप्लॉयी स्टॉक ऑप्शन) पूल के पास है।
कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, वीबा फूड्स की शुरुआत 2013 में हुई थी। इसके 300 से ज्यादा प्रोडक्ट हैं। कंपनी की मौजूदगी सॉस, मेयोनेज, सैंडविच स्प्रेड, ड्रेसिंग और डिप्स जैसे सेगमेंट्स में है। कंपनी का दावा है कि उसके पास 80 से ज्यादा फूड टेक्नोलॉजिस्ट, 6 से ज्यादा फूड साइंटिस्ट और 30 से ज्यादा शेफ्स की टीम है। कंपनी का नाम इसके फाउंडर विराज बहल की मां, विभा बहल के नाम पर रखा गया है।
8000 करोड़ से ज्यादा की वैल्यूएशन का लक्ष्य
सूत्रों में से एक का कहना है, "प्रस्तावित डील पिछले हफ्ते शुरू हुई थी। वीबा फूड्स 8,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की वैल्यूएशन का लक्ष्य रख रही है।" एक दूसरे सूत्र ने कहा, "प्री-IPO राउंड से प्लांड लिस्टिंग से पहले वैल्यूएशन बेंचमार्क तय करने में मदद मिलेगी। इससे कैप टेबल में भी विविधता आएगी।"
यह भी पता चला है कि वीबा फूड्स की योजना माइनॉरिटी हिस्सेदारी, संभवत 10 प्रतिशत से कम की सेकेंडरी सेल की है। फाइनल वैल्यूएशंस के आधार पर प्री-IPO राउंड में प्रमोटर्स या मौजूदा बाहरी निवेशकों की भागीदारी की उम्मीद की जा सकती है, लेकिन अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।"
एक्सिस कैपिटल, जेफरीज, मोतीलाल ओसवाल, 360 वन कैपिटल हैं एडवाइजर
सूत्रों के मुताबिक, एक्सिस कैपिटल, जेफरीज, मोतीलाल ओसवाल और 360 वन कैपिटल वीबा फूड्स के IPO की प्रोसेस को लेकर काम कर रहे एडवाइजर हैं। उन्होंने प्री-IPO राउंड के लिए संभावित निवेशकों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। घरेलू शेयर बाजारों में वीबा फूड्स की कोई डायरेक्ट लिस्टेड कॉम्पिटीटर नहीं है। इसने डोमिनोज और बर्गर किंग जैसी कंपनियों के साथ साझेदारी की हुई है। DSG कंज्यूमर पार्टनर्स शुरुआत से ही वीबा फूड्स में निवेशक रही है। वर्लिनवेस्ट ने साल 2016 और सामा कैपिटल ने 2015 में कंपनी में निवेश किया था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।