Lok Sabha Elections 2024: असम की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा (Bhupen Kumar Borah) ने एक स्थानीय अदालत में राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा (Himanta Biswa Sarma) के खिलाफ 10 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कांग्रेस नेता ने अपनी शिकायत में कहा है कि हिमंत विश्व शर्मा के कई बयानों ने उनकी सार्वजनिक छवि और पार्टी को नुकसान पहुंचाया है। बोरा ने सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सह सहायक सत्र जज नंबर एक, कामरूप मेट्रो की अदालत में मामला दर्ज कराया है।
शर्मा के अलावा राज्य के एक प्रमुख स्थानीय दैनिक और उसके संपादक को मामले में प्रतिवादी बनाया गया है। बोरा ने आरोप लगाया है कि कई मौकों पर शर्मा ने ऐसे बयान दिए कि कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख जल्द ही पार्टी छोड़ देंगे, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा है और पार्टी को भी नुकसान हुआ है।
मुख्यमंत्री ने लगातार दावा किया है कि बोरा अगले साल की शुरुआत में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे। हालांकि विपक्षी नेता ने इससे इनकार किया है। बोरा ने कहा कि सीएम के बयान से पार्टी को काफी नुकसान हुआ है।
'बीजेपी में शामिल होंगे असम कांग्रेस चीफ'
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने हाल ही में दावा किया कि असम कांग्रेस चीफ भूपेन कुमार अगले साल बीजेपी में शामिल हों जाएंगे। मंगलवार को भूपेन कुमार ने सीएम के दांवे को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि हिमंत विश्व शर्मा असल मुद्दों पर बात नहीं करना चाहते हैं। वह केवल मुद्दे को भटकाने का काम करते हैं। वे मुद्दे भटकाने का माइंड गेम खेल रहे हैं।
जोरहाट पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन ने पत्रकारों से कहा, "मैं पूछना चाहता हूं कि मुझे BJP में क्यों शामिल होना चाहिए? अगर मैं बीजेपी में शामिल हो भी जाता हूं तो क्या वे अनुसूचित जनजाति का दर्जा मांग रहे छह सुमदायों को यह मिल जाएगा? क्या नई नौकरियां मिलेगी? क्या भूमिहीन स्वदेशी परिवारों को भूमि का अधिकार मिलेगा?"