Assam Election News: गौरव गोगोई की पाकिस्तान में भी है प्रॉपर्टी? सीएम हिमंता का कांग्रेस नेता पर ISI से कनेक्शन के संगीन आरोप

Himanta Biswa Sarma: असम विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) का घोषणापत्र जारी करने के बाद बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया। सीएम ने जोरहाट लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई से कहा कि वह विदेशों में अपनी संपत्तियों की लिस्ट चुनाव आयोग को सौंपें

अपडेटेड Mar 31, 2026 पर 5:03 PM
Story continues below Advertisement
Assam Assembly Election 2026: सीएम हिमंता ने कहा कि पाकिस्तान और लंदन में स्थित अपनी संपत्ति का डिटेल्स सार्वजनिक करें गौरव गोगोई

Assam Assembly Election 2026: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार (31 मार्च) को कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई को पाकिस्तान और ब्रिटेन में स्थित संपत्तियों का पूरा डिटेल्स सार्वजनिक करने की चुनौती दी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) का घोषणापत्र जारी करने को लेकर आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने जोरहाट लोकसभा क्षेत्र से सांसद गोगोई से कहा कि वह विदेशों में अपनी संपत्तियों की लिस्ट चुनाव आयोग को सौंपें। उन्होंने कहा, "गोगोई ने न तो पाकिस्तान से अपनी पत्नी की इनकम डिटेल्स दिया है और न ही पड़ोसी देश में उनके बैंक खाते का उल्लेख किया है।"

पीटीआई के मुताबिक, मुख्यमंत्री हिमंता ने कहा कि मैं स्पष्ट रूप से आरोप लगा रहा हूं कि गोगोई की पाकिस्तान और लंदन दोनों जगह संपत्तियां हैं। जबकि राइजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई ने यह भी आरोप लगाया है कि उनकी (गौरव गोगोई) अमेरिका में भी संपत्ति है।

उन्होंने कहा, "यह मेरा आरोप नहीं है। लेकिन मैं चाहता हूं कि गौरव गोगोई चुनाव आयोग के शपथपत्र में पाकिस्तान में अपने लेन-देन का डिटेल्स पेश करें।" सरमा ने कहा, "वे ये आरोप पूरी जिम्मेदारी के साथ और बतौर मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि गोगोई के पास अपनी पत्नी के नाम पर पाकिस्तान और लंदन, दोनों जगह संपत्तियां हैं, जिनका उल्लेख उन्होंने निर्वाचन आयोग को दिए गए शपथपत्र में नहीं किया है।"


मुख्यमंत्री हिमंता ने कहा कि यदि कोई संपत्ति नहीं है, तो उन्हें अपनी पत्नी के पाकिस्तान स्थित बैंक खाते के लेन-देन (भले ही वे पुराने ही क्यों न हो) चार निष्पक्ष व्यक्तियों के समक्ष पेश करने चाहिए। इसके लिए उन्होंने चार पत्रकारों के नाम भी सुझाए। उन्होंने आगे कहा, "ये चारों व्यक्ति बैंक खातों की जांच करें और जनता को बताएं कि क्या यह सही है या मैं झूठ बोल रहा हूं।"

हिमंता ने कहा कि गौरव गोगोई के खिलाफ कई गंभीर आरोप हैं, जिन्हें वह फिलहाल चुनावी माहौल खराब न करने के लिए उजागर नहीं कर रहे हैं। लेकिन चुनाव के बाद इस मामले में और जानकारी सामने लाएंगे। सीनियर बीजेपी नेता ने यह भी दावा किया कि हाल ही में पाकिस्तान के एक टीवी चैनल पर हुई बहस में कहा गया कि गोगोई एक NGO के प्रतिनिधि के रूप में वहां गए थे। जबकि गौरव गोगोई अब तक इसे निजी यात्रा बताते रहे हैं।

ISI से कनेक्शन का संगीन आरोप

सरमा ने गौरव गोगोई और उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ क्लेयर गोगोई पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से संबंध होने के आरोप भी लगाए हैं। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। वहीं, हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के BJP में शामिल होने को लेकर सरमा ने कहा, "वह किसी को भी BJP में ला सकते हैं...वे असमिया हैं और उन्हें BJP में लाने का मुझे अधिकार है।"

ये भी पढ़ें- Keralam Election 2026: केरलम के CM पिनाराई विजयन का पत्रकारों ने किया विरोध, चुनिंदा सवालों के जवाब देने पर भड़के रिपोर्टर

सीएम हिमंता ने आगे कहा, "जाकर कांग्रेस से पूछिए कि वे अपने सदस्यों को प्रेम और सम्मान के साथ क्यों नहीं रख पाते। ऐसा क्या जादू है हिमंत में कि लोग उनके पास आते हैं और वहां (कांग्रेस में) नहीं टिकते...? यह सवाल हमसे नहीं, कांग्रेस से पूछा जाना चाहिए।" असम में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा। जबकि वोटों की गिनती 4 मई को होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।