Keralam Election 2026: केरलम के CM पिनाराई विजयन का पत्रकारों ने किया विरोध, चुनिंदा सवालों के जवाब देने पर भड़के रिपोर्टर

Keralam Assembly Elections 2026: केरलम चुनाव को लेकर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुछ पत्रकारों ने सीएम पिनाराई विजयन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। पत्रकारों ने इस बात पर सवाल उठाया कि CM ने CPM की तरफ से चलाए जा रहे मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देने के बाद ही प्रेस कॉन्फ्रेंस क्यों छोड़कर चले गए

अपडेटेड Mar 31, 2026 पर 3:43 PM
Story continues below Advertisement
Keralam Assembly Elections 2026: मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कथित तौर पर पत्रकारों को फटकार लगाई

Keralam Assembly Elections 2026: केरलम में 9 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने एक बार फिर मीडिया को फटकार लगाई है। सोमवार (30 मार्च) को कोल्लम में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुछ पत्रकारों ने सीएम विजयन का विरोध किया। पत्रकारों ने इस बात पर सवाल उठाया कि CM ने CPM की तरफ से चलाए जा रहे मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देने के बाद ही प्रेस कॉन्फ्रेंस क्यों छोड़कर चले गए।

'टाइम्स ऑफ इंडिया' के मुताबिक, मुख्यमंत्री विजयन ने कथित तौर पर मुख्यधारा के मीडिया (mainstream media) के सवालों के जवाब देने से इनकार कर दिया। CPM द्वारा संचालित 'कैराली (Kairali)' टीवी चैनल और 'देशाभिमानी (Deshabhimani )' न्यूज पेपर के पत्रकारों का एक ग्रुप प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने से काफी पहले ही अपनी सीटों पर बैठ गया था। सीएम के आते ही उन्होंने एक के बाद एक सवाल पूछे।

इससे विजयन को UDF के नेतृत्व वाले विपक्ष पर तीखा हमला करने का मौका मिल गया। इसके बाद CM ने यह कहते हुए अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म कर दी कि इसके लिए तय समय पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि बाकी सवालों के जवाब अगले दिन दिए जाएंगे। इस पर कुछ पत्रकारों ने अपना विरोध जताया। उन्होंने CM से साफ-साफ कहा कि अगर उनकी दिलचस्पी सिर्फ अपनी पार्टी द्वारा संचालित मीडिया के सवालों के जवाब देने में है, तो उन्हें दूसरों को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुलाना ही नहीं चाहिए था।


शुरुआत में विजयन ने उनके विरोध को नजरअंदाज कर दिया। इसके बावजूद पत्रकारों ने चुप रहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि CM ने अपनी पसंद के लोगों से सिर्फ मनमुताबिक सवाल पूछवाने और उनके ही जवाब देने की आदत बना ली है। इतना सुनते ही वह वापस मंच पर लौट आए।

फिर अपनी सीट पर लौटने के बाद CM विजयन ने कहा कि जिस किसी के पास भी सवाल थे, उन्हें कार्यक्रम के दौरान ही पूछ लेने चाहिए थे। उन्होंने कहा, "मैं तभी जवाब दे सकता हूं, जब आप अपना सवाल पूछें। अगर आप अपने सवाल अपने तक ही सीमित रखेंगे, तो मैं क्या कर सकता हूं?" उन्होंने आगे कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में आने वाले हर पत्रकार को सवाल पूछने का मौका मिलना जरूरी नहीं है।

ये भी पढ़ें- Keralam 2026 Elections: 'दो स्वार्थी पार्टियों के बीच फंसा है केरलम'; पीएम मोदी ने कांग्रेस और लेफ्ट पर बोला हमला

विजयन ने कहा कि उन्होंने बातचीत के सामान्य क्रम में ही सवालों के जवाब दिए। पत्रकारों के बीच कोई भेदभाव नहीं किया। उन्होंने कहा, "मैंने पत्रकारों द्वारा पूछे गए सभी सवालों के जवाब दिए। मैंने यह नहीं पूछा कि आप किस मीडिया संस्थान से हैं। कुछ लोगों के अपने खास मकसद होते हैं। यहां अभी वही सामने आया है। मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस इसलिए रोकी, क्योंकि इसके लिए तय समय पूरा हो चुका था।" इसके बाद उन्होंने अपना माइक बंद कर दिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस से चले गए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।