Keralam 2026 Elections: 'दो स्वार्थी पार्टियों के बीच फंसा है केरलम'; पीएम मोदी ने कांग्रेस और लेफ्ट पर बोला हमला

Keralam Assembly Elections 2026: पलक्कड़ में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस समय पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध पर सबकी नजर है। इस युद्ध का प्रभाव भारत पर कम से कम पड़े इसके लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। कांग्रेस और लेफ्ट पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दो स्वार्थी पार्टियों के बीच केरलम फंस गया है

अपडेटेड Mar 29, 2026 पर 4:32 PM
Story continues below Advertisement
Keralam Elections 2026: प्रधानमंत्री मोदी ने केरलम के पलक्कड़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस और लेफ्ट दोनों को घेरा

Keralam Assembly Elections 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (29 मार्च) को केरलम में सत्ताधारी और विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य दो मतलबी पार्टियों के बीच फंसा हुआ है। केरलम के पलक्कड़ में एक जानसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और कांग्रेस की अगुवाई वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) पर वोट बैंक की राजनीति करने और विकास को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री मोदी ने केरलम विधानसभा चुनाव से पहले पलक्कड़ में एक मेगा रोड शो भी किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "इस बार केरलम में एक अलग ही माहौल है। केरलम बदलाव का संदेश दे रहा है। NDA की बढ़ती लोकप्रियता, BJP (भारतीय जनता पार्टी) के प्रति लोगों का बढ़ता विश्वास और आपका समर्थन बता रहा है कि केरलम का मूड अब एक मूवमेंट बन चुका है। अब केरलम के युवाओं का विश्वास है- BJP, NDA।"

पीएम मोदी ने आगे कहा, "इस बदलाव के पीछे करेलम की जनता का आशीर्वाद है, इसके पीछे केरलम BJP के लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत है। हमारे कितने ही कार्यकर्ताओं ने यहां राजनीतिक हिंसा के कारण अपना जीवन खोया है। मैं आज उन सभी कार्यकर्ताओं को इस मंच से श्रद्धांजलि देता हूं।"


प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "दशकों से केरलम स्वार्थी राजनीति के दो मुखौटों के बीच फंसा हुआ है। एक ओर LDF तो दूसरी ओर UDF... एक ओर कम्यूनिस्ट तो दूसरी ओर कांग्रेस...। एक भ्रष्ट तो दूसरा महा भ्रष्ट, एक संप्रदायी, दो दूसरा महा संप्रदायी...।"

उन्होंने आगे कहा, "LDF, UDF की सारी नीतियां सिर्फ वोटबैंक राजनीति के लिए ही होती है। इन्हें केरलम के विकास की कोई चिंता नहीं है। यहां बनने वाली भाजपा, NDA सरकार यहां का तेज विकास करेगी, विकसित केरलम बनाएगी, यह मोदी की गारंटी है।"

PM मोदी ने कहा, "LDF, UDF ने दशकों तक मिल बांटकर केरलम को लूटा। इनके बीच एक समझौता रहा है कि कुछ साल LDF वाले सरकार चलाएंगे।अपनी जेब भरेंगे। फिर कुछ साल बाद UDF वाले लूटेंगे। इनके इस गठजोड़ में हमारा केरलम उलझ गया है।"

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा, "इन दिनों कम्यूनिस्ट और कांग्रेस ने मिलकर नया प्रोपेगैंडा शुरू किया है, कम्यूनिस्ट वाले कहते हैं कि कांग्रेस भाजपा की B टीम है, कांग्रेस कहती है कि कम्यूनिस्ट भाजपा की B टीम है। इन लोगों ने मान लिया है कि इस बार अगर एक टीम कोई है तो वह सिर्फ BJP ही है।"

पीएम मोदी ने कहा, "केरलम में LDF-UDF दोनों ही भाजपा पर निशाना साध रही है, दोनों भ्रष्टाचारी पार्टियां भाजपा से डरी हैं। इन्हें BJP का डर इसलिए है क्योंकि इन्हें लगता है कि अगर भारतीय जनता पार्टी यहां सरकार में आ गई तो इनके सारे काले कारनामों का सच सामने आ जाएगा।"

उन्होंने कहा, "दशकों से LDF-UDF ने यहां बड़े घोटाले किए हैं लेकिन इन दलों की सरकारें कभी भी एक-दूसरे पर कार्रवाई नहीं करती। ये आपके सामने सिर्फ झूठे बयान देते हैं... BJP आई तो इनकी जांच कराएगी इसलिए ये डर रहे हैं।"

प्रधानमंत्री ने कहा, "चुनाव में पर्दे के पीछे कौन किसकी B टीम है इसकी मैं सच्चाई सामने रखने वाला हूं। कांग्रेस और कम्युनिस्ट पूरे देश में एक-दूसरे से गठबंधन करते हैं। बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश से लेकर मणिपुर, असम तक कांग्रेस और कम्युनिस्ट का गठबंधन होता है।"

पीएम मोदी ने कहा, "INDI (विपक्षी इंडिया अलायंस) गठबंधन में सब साथ हैं। तमिलनाडु में भी ये दोनों एक साथ गठबंधन में हैं। लेकिन यहां केरलम में ये कांग्रेस और लेफ्ट वाले एक दूसरे को झूठी गाली देते हैं। इसलिए आपको इन दोनों से ही सावधान रहना है।"

पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, "कांग्रेस और लेफ्ट का ट्रैक रिकॉर्ड रहा है कि ये जहां सत्ता में आते हैं वहां सब चौपट करके ही जाते हैं। बंगाल, त्रिपुरा में लेफ्ट ने क्या किया ये पूरा देश जानता है। कांग्रेस ने पूरे देश में क्या किया यह भी सबने देखा है। इनके उसी कुचक्र में केरलम भी पिसता रहा है। यहां सरकारी कर्मचारियों के वेतन में देरी की खबरें आती हैं।"

ये भी पढ़ें- तमिलनाडु के समयपुरम मंदिर में दर्दनाक हादसा! श्रद्धालुओं पर गिरी छत, महिला की मौत, कई घायल

पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में केरलम में सरकारी कर्मचारियों के DA और छुट्टियों के बकाया भुगतान को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस सबके लिए लेफ्ट वालों पर हमला करती है लेकिन जहां कांग्रेस की सरकार है वहां भी हालत बुरे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पड़ोसी कर्नाटक को देख लीजिए, वहां भी विकास के ज्यादातर काम रुक गए हैं। साथ ही हिमाचल प्रदेश भी आर्थिक संकट में है। यही कांग्रेस का मॉडल है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।