Bihar Lok Sabha Elections 2024: देश की राजनीति के लिहाज से बिहार देश के सबसे अहम राज्यों में एक है। लोकसभा के 543 सदस्यों में से 40 सदस्य यहीं से चुने जाते हैं। राज्य की राजधानी पटना है। बिहार में 333 विधान सभा की सीटें हैं। फिलहाल सभी राजनीतिक दल लोकसभा की तैयारी में जुटे हुए हैं। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) को लगातार तीसरी बार NDA की सरकार बनने का यकीन है। यह ऐसा राज्य है जो किसी भी समय आम चुनाव का रुख पलट सकता है। सीटों के लिहाज से बिहार देश का चौथा सबसे बड़ा राज्य है।
लोकसभा में चौथी सबसे अधिक सीटें होने की वजह से बिहार में कई चरणों में चुनाव होते रहे हैं। इस बार बिहार में 7 चरणों में चुनाव होंगे। यहां पहले चरण के चुनाव 19 अप्रैल से शुरू होंगे और आखिरी चरण के चुनाव 1 जून को होंगे। पिछली बार भी यानी साल 2019 के लोकसभा के चुनाव भी 7 चरणों में हुए थे।
बिहार में साल 2019 के चुनाव में NDA का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में NDA ने 40 में से 39 सीटों पर जीत हासिल की थी। दूसरी तरफ महागठबंधन का बिहार से सूपड़ा साफ हो गया था। साल 2019 में NDA के तीन सहयोगी दल थे। इनमें लोक जनशक्ति पार्टी के दोनों गुट (LJP – पशुपति पारस और चिराग पासवान), उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी और जीतनराम मांझी की पार्टी शामिल थीं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 17 सीटों पर जीत मिली थी। पार्टी ने यह चुनाव JDU के साथ गठबंधन में लड़ा था। वहीं साल 2014 में भारतीय जनता पार्टी (22), कांग्रेस (2), एनसीपी (1), जेडीयू (2), लोक शक्ति पार्टी (6), राष्ट्रीय जनता दल (4) और अन्य ने 3 सीटें जीती थी। 2014 की बात करें तो बिहार में 6 चरणों में चुनाव हुए थे।
बिहार में कौन-कौन से लोकसभा क्षेत्र हैं?
बिहार में 40 लोकसभा सीटें हैं। इनमें पटना साहिब, पाटलिपुत्र, गया, नवादा, जमुई, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर, बांका, झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, खगड़िया, दरभंगा, उजियारपुर, समस्तीपुर, बेगुसराय, मुंगेर, सीतामढी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण, हाजीपुर, वाल्मिकी नगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सीवान, महाराजगंज, नालंदा, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट और जहानाबाद शामिल हैं।
बिहार राज्य के उत्तर में नेपाल, पूर्व में पश्चिम बंगाल, पश्चिम में उत्तर प्रदेश और दक्षिण में झारखण्ड है। बिहार नाम बौद्ध संन्यासियों के ठहरने की जगह ‘विहार’ से निकला हुआ है। यह गंगा और उसकी सहायक नदियों के उपजाऊ मैदानों में बसा राज्य है। प्राचीन काल में बिहार देश के कई विशाल साम्राज्यों का गढ़ रहा था। मौर्य वंश का उदय बिहार के मगध से ही हुआ। इसके बाद गुप्त वंश ने यहीं से पूरे देश पर शासन किया।
यहां के लोगों की जीविका का मुख्य आधार कृषि है। 1936 में बिहार से ओडिशा और 2000 में झारखण्ड अलग हो गया। राज्य की सिर्फ 11.3 फीसदी आबादी शहरी क्षेत्रों में रहती है, जो हिमाचल प्रदेश के बाद सबसे कम है। नीतीश कुमार लंबे समय से प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाले हुए हैं।