वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस के सीनियर नेता सैम पित्रोदा पर तीखा हमला किया है। पित्रोदा के पूर्व के लोग चाइनीज जैसे, दक्षिण भारत के लोग अफ्रीकी जैसे...बयान के जवाब में सीतारमण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि मैं दक्षिण भारतीय हूं। मैं भारतीय की तरह दिखती हूं। मेरी टीम में उत्तरपूर्व के लोग हैं। वे भारतीय दिखते हैं। पश्चिम भारत के मेरे दोस्त भारतीय दिखते हैं। लेकिन, राहुल गाधी के मार्गदर्शक को हम अलग-अलग नस्ल यानी अफ्रीकी, चाइनीज, अरब और श्वेत की तरह दिखते हैं। उन्होंने पित्रोदा का नाम लिए बगैर लिखा है कि अपनी सोच बताने के लिए धन्यवाद। आपकी सोच पर इंडिया अलायंस को शर्म आनी चाहिए।
भारत की विविधता को लेकर सैम पित्रोदा ने दिया है बयान
पिछले महीने भी सैम पित्रोदा के बयान पर मचा था बवाल
पित्रोदा (Sam Pitroda) के पिछले महीने के एक बयान पर बड़ा विवाद हुआ था। पिछले महीने उन्होंने इनहेरिटेंस टैक्स (Inheritance Tax) की वकालत की थी। इसे इकोनॉमी के लिए अच्छा बताया था। अभी अमेरिका के कुछ प्रांतों में यह टैक्स लागू है। इंडिया में राजीव गांधी की सरकार (Rajiv Gandhi Government) ने 1986 में इस टैक्स को खत्म कर दिया था। पित्रोदा के इस बयान पर भाजपा खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) और गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने उन पर निशाना साधा था। पीएम मोदी ने यहां तक कहा था कि कांग्रेस फिर से इंडिया में इस टैक्स को लागू करना चाहती है। हालांकि, कांग्रेस ने पित्रोदा के इस बयान से खुद को अलग कर लिया था।
https://twitter.com/nsitharaman/status/1788120286165938530
पित्रोदा ने इंडिया की विविधता के बारे में कई बातें कही हैं
हालांकि, ऐसा लगता है कि भारत के अलग-अलग हिस्सों के लोगों के लुक को लेकर पित्रोदा ने यह बयान भारत की विविधता को बताने का लिए किया है। उन्होंने यह भी कहा है कि भारत के लोग अलग-अलग भाषाओं, धर्म, खानपान और रीति रिवाजों का सम्मान करते हैं। ये चीजें इलाके के हिसाब से बदल जाती हैं। उन्होंने कहा है, "यह असल भारत है और मेरा मानना है कि यहां हर व्यक्ति के लिए जगह है और हर व्यक्ति को थोड़ा समझौता करना पड़ता है।"
कांग्रेस ने एक बार फिर पित्रोदा के बयान से खुद को अलग किया
8 मई को मीडिया में पित्रोदा के इंटरव्यू का यह वीडियो आने पर हंगामा मच गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस बयान के लिए पित्रोदा की आलोचना की। उधर, राजनीतिक नुकसान की आशंका को भांपते हुए कांग्रेस ने भी खुद को पित्रोदा के इस बयान से अलग कर लिया। इंटरव्यू में पित्रोदा ने कहा कि इंडिया के विचार की जड़ें लोकतंत्र, आजादी, स्वतंत्रता, भाईचारे में है, जिसे आज 'राम नवमी' और 'राम मंदिर' से चुनौती मिल रही है। उन्होंने कहा कि यहां तक कि प्रधानमंत्री खुद हर वक्त मंदिर जाते रहते हैं और वह एक राष्ट्रीय नेता की तरह नहीं बल्कि BJP के नेता की तरह बातें करते हैं।
यह भी पढ़ें: 'पूर्वोत्तर के लोग चीनी जैसे और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे दिखते हैं', Sam Pitroda ने फिर कराई कांग्रेस की फजीहत
बीजेपी प्रवक्ता ने पित्रोदा को कांग्रेस का शकुनी बताया
पित्रोदा के इस इंटरव्यू के वीडियो क्लिप को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। पित्रोदा पर निशाना साधते हुए बीजेपी के प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा, 'पित्रोदा कांग्रेस के शकुनी हैं जो अपनी खतरनाक और अलगाववादी सोच की झलक पेश करते रहते हैं।' उधर, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व शर्मा ने कहा, "सैम भाई, मैं उत्तर-पूर्व से आता हूं और मैं एक भारतीय की तरह दिखता हूं।"