'पूर्वोत्तर के लोग चीनी जैसे और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे दिखते हैं', सैम पित्रोदा ने फिर कराई कांग्रेस की फजीहत

Lok Sabha Elections 2024: द स्टेट्समैन के साथ एक इंटरव्यू में सैम पित्रोदा ने कहा कि हम भारत जैसे विविधतापूर्ण देश को एक साथ रख सकते हैं, जहां पूर्वी भारत में रहने वाले लोग चीनी लोगों जैसे, पश्चिम में रहने वाले अरब जैसे, उत्तर भारत में रहने वाले श्वेतों की तरह और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी लोगों की तरह दिखते हैं

अपडेटेड May 08, 2024 पर 1:23 PM
Story continues below Advertisement
Lok Sabha Elections 2024: सैम पित्रोदा के बयान के बाद अब BJP को कांग्रेस को लताड़ लगाने का मौका मिल गया है

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के बीच 'विरासत टैक्स' के बाद अब इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने एक और विवादित बयान देकर अपनी पार्टी को मुश्किल में डाल दिया है। सैम पित्रोदा का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह भारत के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों की दूसरे देशों से तुलना करते हुए नस्लवादी बयान दिया है। राहुल गांधी के बेहद करीबी इंडियन ओवरसीज कांग्रेस प्रमुख ने अपनी नस्लवादी टिप्पणी से कांग्रेस के लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी है। उनके बयान के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सबसे पुरानी पार्टी को लताड़ लगाने का मौका मिल गया।

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा (Sam Pitroda) ने का कहना है कि दक्षिण भारत के लोग अफ्रीकी और पूर्वोत्तर के भारतीय चाइनीज जैसे दिखते हैं। वायरल वीडियो में द स्टेट्समैन के साथ एक इंटरव्यू में सैम पित्रोदा कहते हैं, "हम भारत जैसे विविधतापूर्ण देश को एक साथ रख सकते हैं, जहां पूर्वी भारत में रहने वाले लोग चीनी लोगों जैसे, पश्चिम में रहने वाले अरब जैसे, उत्तर भारत में रहने वाले श्वेतों की तरह और दक्षिण भारतीय अफ्रीकी लोगों की तरह दिखते हैं... लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ता। हम सब भाई-बहनें हैं। हम सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं।"

BJP हुई हमलावर


सैम पित्रोदा के इस बयान के भारतीय जनता पार्टी (BJP) को कांग्रेस पर हमला बोलने का मौका मिल गया है। इन टिप्पणियों के लिए कांग्रेस नेता पर हमला करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने X लिखा, "सैम भाई मैं उत्तर पूर्व से हूं और मैं एक भारतीय जैसा दिखता हूं। हम एक विविध देश हैं... हम अलग दिख सकते हैं लेकिन हम सभी एक हैं। हमारे देश के बारे में थोड़ा तो समझ लो!"

इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी अपने नेता की नस्लवादी टिप्पणी के बाद कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए इसे "ओजी ब्रेकिंग इंडिया पार्टी (the OG breaking India party)" करार दिया। उन्होंने कहा, "चर्चिल ने हमारे बारे में जो कहा था, यह टिप्पणी उससे अलग नहीं है। इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि RG उनके मार्गदर्शन के बाद भी वैसे ही हैं!"

वहीं, मंडी से बीजेपी उम्मीदवार और एक्ट्रेस कंगना रनौत ने लिखा, "सैम पित्रोदा राहुल गांधी के गुरु हैं। भारतीयों के लिए उनके नस्लवादी और विभाजनकारी व्यंग्य सुनें। उनकी पूरी विचारधारा बांटो और राज करो के बारे में है। सभी भारतीयों को चीनी और अफ़्रीकी कहना घृणित है। कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए!"

'विरासत टैक्स' अभी भी मचा है घमासन

इससे पहले 'विरासत टैक्स' पर कांग्रेस और बीजेपी आमने-सामने आ गई थीं। सैम पित्रोदा ने कहा था कि भारत में विरासत टैक्स लगाने पर बहस होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका में विरासत टैक्स लगता है। अगर किसी के पास 10 करोड़ डॉलर की संपत्ति है, तो उसके मरने के बाद उसकी 45 फीसदी संपत्ति उसके बच्चों को मिलती है, जबकि 55 प्रतिशत पर सरकार का कब्जा हक हो जाता है। यह बड़ा ही दिलचस्प कानून है। इसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत बीजेपी के कई नेताओं ने अपनी-अपनी रैलियों में कांग्रेस पर हमला बोला। बाद में विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने सैम के बयान से किनारा कर लिया।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Chunav 2024 Live: तेलंगाना में विपक्ष पर गरजे पीएम मोदी कहा - तीसरे चरण में ही विपक्ष फ्यूज

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।