अभी जेल में ही रहेंगे केजरीवाल और के कविता, 7 मई तक अदालत ने बढ़ाई हिरासत

दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में अदालत ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बीआरएस नेता के. कविता की न्यायिक हिरासत की अवधि सात मई तक बढ़ाई। केजरीवाल को दिल्ली सरकार की अब रद्द हो चुकी उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। वह एक अप्रैल से तिहाड़ जेल में बंद हैं

अपडेटेड Apr 23, 2024 पर 4:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अभी जेल में ही रहेंगे केजरीवाल और के कविता, 7 मई तक अदालत ने बढ़ाई हिरासत

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) अभी जेल में ही रहेंगे।  अदालत ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, BRS नेता के. कविता (K Kavitha) की न्यायिक हिरासत सात मई तक बढ़ा दी है। दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने शराब नीति घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और बीआरएस नेता के कविता और चनप्रीत सिंह की न्यायिक हिरासत 7 मई तक बढ़ा दी है। सभी आरोपियों को तिहाड़ से वर्चुअली कोर्ट में पेश किया गया।

रिमांड के दिन खत्म होने पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश किए जाने के बाद CBI और ED मामलों की स्पेशल जज कावेरी बावेजा ने उनकी हिरासत बढ़ा दी।

के कविता की भी हिरासत बढ़ी


न्यायाधीश ने सीबीआई की तरफ से जांच किए जा रहे संबंधित भ्रष्टाचार मामले में तेलंगाना MLC और पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी कविता की न्यायिक हिरासत भी 7 मई तक बढ़ा दी।

कविता को केंद्रीय जांच एजेंसी ने 15 मार्च को गिरफ्तार किया था। उन पर "साउथ ग्रुप" का प्रमुख सदस्य होने का आरोप लगाया गया है, जिसने कथित तौर पर राष्ट्रीय राजधानी में शराब लाइसेंस के एक बड़े हिस्से के बदले में दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) को 100 करोड़ रुपए की रिश्वत दी थी।

केजरीवाल की इंसुलिन की "कम खुराक" दी गई: AAP

तिहाड़ जेल के अधिकारियों के अनुसार, अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को मंगलवार को उनके ब्लड शुगर का लेवल बढ़ने के बाद इंसुलिन की "कम खुराक" दी गई थी।

केजरीवाल को दिल्ली सरकार की अब रद्द हो चुकी उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। वह एक अप्रैल से तिहाड़ जेल में बंद हैं।

इससे एक दिन पहले ही अदालत ने आम आदमी पार्टी के संयोजक की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल की मौजूदगी में अपने डॉक्टर के साथ रोजाना 15 मिनट के मेडिकल कंसल्टेशन की अनुमति देने की मांग की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।