कांग्रेस ने शेयर किया 'आरक्षण खत्म' करने पर अमित शाह का फर्जी वीडियो, तेलंगाना रवाना हुई दिल्ली पुलिस

Lok sabha Chunav 2024: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पूरे भारत में वीडियो शेयर करने वाले हैंडलों के पीछे के व्यक्तियों को ट्रैक करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। मामले में जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। यहां तक कि वीडियो डिलीट करने वाले भी जांच के दायरे में आ जाएंगे

अपडेटेड Apr 29, 2024 पर 12:10 PM
Lok sabha Chunav 2024: दिल्ली पुलिस की एक टीम तेलंगाना के लिए रवाना हो चुकी है

Lok sabha Chunav 2024: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जानकारी दी है कि उसने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के एक छेड़छाड़ किए गए वीडियो को शेयर करने के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दरअसल, एक फर्जी वीडियो अमित शाह का वायरल हुआ था जिसमें वे आरक्षण को खत्म करने की बात करते नजर आ रहे थे। इस वीडियो तेलंगाना कांग्रेस ने भी शेयर किया है। बीजेपी और केंद्रीय गृह मंत्रालय दोनों ने इस वीडियो को फेक बताया है। दोनों की शिकायत पर अब दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने मामले में FIR दर्ज कर ली है।

FIR सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और फेसबुक के कुछ हैंडल के खिलाफ की गई है, जिन्होंने शाह के बयानों को एडिट करके झूठा दावा किया गृह मंत्री ने देश में आरक्षण समाप्त करने का सुझाव दिया है। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के अपनी शिकायत में कहा था कि तेलंगाना कांग्रेस विंग अमित शाह का एक ए़डिटेड वीडियो फैला रहा है जो पूरी तरह से फर्जी है और इससे बड़े पैमाने पर हिंसा होने की आशंका है।"

जल्द हो सकती गिरफ्तारी


दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पूरे भारत में इन हैंडलों के पीछे के व्यक्तियों को ट्रैक करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। मामले में जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। यहां तक कि वीडियो डिलीट करने वाले भी जांच के दायरे में आ जाएंगे। X पर अपनी पोस्ट में मालवीय ने स्पष्ट किया कि गृह मंत्री शाह ने केवल धर्म के आधार पर मुसलमानों को दिए गए असंवैधानिक आरक्षण को हटाने की बात कही थी। सूत्रों की मानें तो दिल्ली पुलिस की एक टीम तेलंगाना के लिए रवाना हो चुकी है।

BJP ने कहा कि अमित शाह का फर्जी वीडियो अस्मा तस्लीम समेत कई कांग्रेस प्रवक्ताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। न्यूज 18 के मुताबिक, अमित शाह ने कथित तौर पर कहा था कि 4 फीसदी मुस्लिम आरक्षण असंवैधानिक है। उन्होंने वादा किया कि अगर बीजेपी सत्ता में आई तो वे इस आरक्षण को समाप्त कर देंगे और इसे एससी, एसटी और ओबीसी को आवंटित कर देंगे।

'BJP आरक्षण न हटाएगी और न किसी को हटाने देगी'

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी एससी-एसटी (अनुसूचित जाति-जनजाति) वर्ग और पिछड़ा वर्ग का आरक्षण न हटाएगी और न किसी को हटाने देगी और यह 'मोदी की गारंटी' है। शाह ने राहुल गांधी पर पिछड़ा वर्ग के नाम पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और दावा किया कि वे कह रहे हैं कि NDA को 400 सीटें दी तो BJP आरक्षण खत्म देगी। शाह ने कहा, ''इन लोगों ने झूठ की फैक्ट्री खोलकर रखी है।''

गृह मंत्री ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के पास आरक्षण हटाने के लिए पूर्ण बहुमत दो कार्यकाल से है, लेकिन मोदी जी आरक्षण समर्थक हैं और आज मैं 'मोदी गारंटी' कहकर जाता हूं कि एससी एसटी और पिछड़ा वर्ग का आरक्षण न भाजपा हटाएगी न किसी को हटाने देगी। यह मोदी की गारंटी है।'' उन्होंने कहा, "मोदी जी जब प्रधानमंत्री बने तो पिछड़ा वर्ग को संवैधानिक सम्मान दिया गया।"

ये भी पढ़ें- Heatwave Alert: दिल्ली और मुंबई में फिलहाल गर्मी से राहत नहीं, 1 मई तक इन राज्यों में जारी रहेगा लू का कहर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।