ED ने केरल में दी दस्तक, सीएम विजयन की बेटी वीणा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज

Veena Vijayan: आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ED ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत मामला दर्ज किया है। इसमें शामिल लोगों को जल्द ही तलब किए जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की जांच इकाई गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (SFIO) द्वारा दायर एक शिकायत का संज्ञान लेने के बाद ED ने मामला दर्ज किया है

अपडेटेड Mar 27, 2024 पर 7:09 PM
Veena Vijayan: यह मामला कथित अवैध भुगतान से संबंधित है

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने केरल के मुख्यमंत्री और CPI(M) पोलित ब्यूरो सदस्य पिनराई विजयन (Pinarayi Vijayan) की बेटी से जुड़े कथित अवैध भुगतान घोटाले की जांच शुरू कर दी है। ED ने सीएम पिनराई विजयन की बेटी वीणा विजयन (Pinarayi Vijayan's daughter Veena Vijayan), उनके स्वामित्व वाली IT कंपनी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है। यह मामला एक निजी खनिज फर्म द्वारा वीणा और उनकी कंपनी को किए गए कथित अवैध भुगतान से संबंधित है।

आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि एजेंसी ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत मामला दर्ज किया है। इसमें शामिल लोगों को तलब किए जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की जांच इकाई गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (SFIO) द्वारा दायर एक शिकायत का संज्ञान लेने के बाद ED ने मामला दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?


यह मामला आयकर विभाग (Income Tax Department) की जांच पर आधारित है, जिसमें आरोप लगाया गया कि निजी कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) ने 2018 से 2019 के दौरान वीणा की कंपनी-एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया जबकि आईटी फर्म ने कंपनी को कोई सेवा प्रदान नहीं की थी।

कर्नाटक हाई कोर्ट (Karnataka High Court) ने पिछले महीने SFIO द्वारा शुरू की गई जांच के खिलाफ एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस की याचिका खारिज कर दी थी। केंद्र सरकार के वकील ने कहा था कि मामले में गंभीर अपराध और सार्वजनिक हित शामिल हैं, जिसके लिए SFIO जैसी एजेंसी से जांच की आवश्यकता है।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र MVA में जबरदस्त खींचतान! प्रकाश आंबेडकर अकेले लड़ेंगे चुनाव, शिवसेना-कांग्रेस में भी घमासान

ED ने कोट्टायम जिला पंचायत के सदस्य और वरिष्ठ राजनेता पी सी जॉर्ज के बेटे शोन जॉर्ज की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है, जो हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए थे। उन्होंने वीना की कंपनी CMRL और राज्य सरकार की इकाई केरल राज्य औद्योगिक विकास निगम (जिसकी सीएमआरएल में हिस्सेदारी है) की जांच की मांग करते हुए एजेंसी का रुख किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।