बीफ खाने के आरोपों पर कंगना रनौत ने दिया जवाब, कांग्रेस पर भड़कीं BJP उम्मीदवार

Himachal Pradesh Lok Sabha Elections 2024: कंगना रनौत ने यह सफाई कांग्रेस नेता विजत वडेट्टीवार के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखी, जिसमें उन्होंने कहा था कि कंगना रनौत पहले बीफ खाती थीं और उनका एक पुराना बयान भी वायरल किया जा रहा है

अपडेटेड Apr 08, 2024 पर 2:36 PM
Himachal Pradesh Lok Sabha Elections 2024: कंगना रनौत ने अपने X अकाउंट पर कहा कि वह शाकाहारी हैं

Himachal Pradesh Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश में अब बीफ (गाय का मांस) पर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेसी नेता हिमाचल के मंडी लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (AAP) की प्रत्याशी और एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) को इस मुद्दे पर घेर रहे हैं। कांग्रेस के आरोपों पर कंगना रनौत ने पलटवार करते हुए गोमांस (Beef) खाने की खबरों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि वो बीफ और किसी भी तरह का रेड मीट नहीं खाती हैं। 'क्वीन' एक्ट्रेस ने अपने X अकाउंट पर कहा कि वह शाकाहारी हैं।

कंगना ने एक पोस्ट में लिखा, "मैं बीफ या किसी अन्य प्रकार के रेड मीट का सेवन नहीं करती हूं। यह शर्मनाक है कि मेरे बारे में पूरी तरह से आधारहीन अफवाहें फैलाई जा रही हैं। मैं दशकों से योगिक और आयुर्वेदिक जीवन शैली की वकालत और प्रचार कर रही हूं। मेरी छवि खराब करने के लिए इस तरह के हथकंडे काम नहीं आएंगे। मेरे लोग मुझे जानते हैं, और वे जानते हैं कि मैं एक गौरवान्वित हिंदू हूं, और कोई भी चीज उन्हें कभी गुमराह नहीं कर सकती। जय श्री राम।"

कंगना ने यह सफाई कांग्रेस नेता विजत वडेट्टीवार (Vijat Wadettiwar) के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखी, जिसमें उन्होंने कहा था कि कंगना रनौत पहले बीफ खाती थीं और उनका एक पुराना बयान भी वायरल किया जा रहा है। वडेट्टीवार ने आरोप लगाया था कि कंगना रनौत ने पिछले दिनों कहा था कि वो बीफ खाती है।


न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक वडेट्टीवार ने कहा था, ''बीजेपी ने उन कंगना रनौत को टिकट दिया, जिन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि उन्हें बीफ पंसद है और वो खाती हैं।'' बता दें कि कंगना रनौत को लेकर आए दिन अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया हैंडल पर रनौत और उनके निर्वाचन क्षेत्र मंडी को जोड़कर आपत्तिजनक पोस्ट की थी। हालांकि, इसको लेकर श्रीनेत ने कहा था कि उन्होंने ये पोस्ट नहीं की थी।

'कोई एक काम गिनाएं जो आपने मंडी के लिए किया हो'

कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई के महासचिव रजनीश किमटा ने कंगना रनौत को ऐसा एक भी काम बताने के लिए कहा जो उन्होंने मंडी निर्वाचन क्षेत्र के लिए किया है। किमटा ने कहा कि राजनीति धैर्य की मांग करती है और महज मंडी में रिश्तेदारों के रहने से रनौत चुनाव नहीं जीत सकतीं। उन्होंने कहा कि रनौत ऐसा एक भी काम बताएं जो उन्होंने इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए किया हो, जहां से वह चुनाव लड़ रही हैं।

ये भी पढ़ें- केजरीवाल की गिरफ्तारी को AAP ने बनाया चुनावी हथियार, 'जेल का जवाब वोट से' कैंपेन लॉन्च

कांग्रेस नेता ने पूछा, "कंगना के नाम की घोषणा से क्या BJP के कार्यकर्ता खुश हैं? क्या प्रदेश (BJP) नेतृत्व ने उनका नाम सुझाया था या केंद्र ने उन्हें चुना है?" उन्होंने दावा किया कि भाजपा के अंदर ही उनका विरोध हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि कंगना ने कहा था कि लोक निर्माण कार्य मंत्री विक्रमादित्य सिंह मंडी से नहीं है। विक्रमादित्य, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभ्रद सिंह और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख एवं मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह के बेटे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।