Himachal Pradesh Byelections: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को अलग-अलग राज्यों के उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। पार्टी ने हाल ही में अयोग्य ठहराए गए कांग्रेस (Congress) के छह पूर्व विधायकों को हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। पिछले दिनों इन विधायकों ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।
कांग्रेस समेत दूसरे दलों से हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए पूर्व विधायकों को पार्टी ने गुजरात में उम्मीदवार बनाया है। इनमें चार कांग्रेस के हैं। इन सभी के इस्तीफे की वजह से उपचुनाव जरूरी हो गया था।
क्यों कांग्रेस से बागी हुए विधायक
हिमाचल प्रदेश में BJP ने सुधीर शर्मा (धर्मशाला), रवि ठाकुर (लाहौल और स्पीति), राजिंदर राणा (सुजानपुर), इंद्रदत्त लखनपाल (बड़सर), चेतन्य शर्मा (गगरेट) और देविंदर कुमार भुट्टो (कुटलेहर) को अपना उम्मीदवार बनाया है।
कांग्रेस के छह पूर्व विधायकों को पार्टी व्हिप की अवहेलना करने के लिए अयोग्य ठहराया गया था। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में BJP उम्मीदवार को वोट दिया था। इस वजह से राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था।
इन छह सीटों के लिए उपचुनाव 1 जून को होंगे। इसी दिन लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के सातवें चरण में पहाड़ी राज्यों की चार लोकसभा सीटों पर मतदान भी होगा।
इस पर हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "इससे साबित होता है कि बीजेपी खरीद-फरोख्त में लगी है। राज्य की जनता उन्हें सबक सिखाएगी।"
जय राम ठाकुर ने कांग्रेस के छह पूर्व विधायकों के BJP में शामिल होने को इतने छोटे राज्य के लिए एक बड़ा राजनीतिक विकास बताया था। यह देखते हुए कि इनमें से कई नेता पार्टी के भीतर वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं।
गुजरात में भी कांग्रेस के बागियों को BJP का टिकट
गुजरात में बीजेपी ने अर्जुन मोधवाडिया, चतुरसिंह चावड़ा और अरविंद लाडानी को उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।
BJP ने सिक्किम विधानसभा की नौ सीटों के अलावा पश्चिम बंगाल की दो और कर्नाटक की एक सीट पर उपचुनाव के लिए भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
सिक्किम में विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव के साथ ही होते हैं। BJP ने हाल ही में राज्य के सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के साथ अपना गठबंधन तोड़ दिया है।