Himachal loksabha election: कांग्रेस (Congress) की हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) इकाई की प्रमुख और मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) ने बुधवार को घोषणा की कि उन्होंने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है, क्योंकि जमीनी स्थिति ‘‘ठीक नहीं’’ है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "मैंने राज्य के हर क्षेत्र का व्यापक दौरा किया है और पाया है कि कोई भी कार्यकर्ता सक्रिय नहीं है और ऐसी स्थिति में सफलता मिलना मुश्किल है।"
दिल्ली में मंगलवार को हुई स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक से लौटने के बाद प्रतिभा सिंह ने कहा, "मैंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है।" उन्होंने ने कहा, "मैंने लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) लड़ने से इनकार कर दिया है, क्योंकि मैं इसे लड़ने की स्थिति में नहीं हूं। आप सिर्फ सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास (MPLAD) योजना का फंड बांटकर चुनाव नहीं जीत सकते।’’
उन्होंने कहा कि अगर विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के लिए कड़ी मेहनत करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां और महत्व दिया जाता, तो वे जमीनी स्तर पर सक्रिय होते।
'अगर मेरे बताए लोगों को दी होती जिम्मेदारी, तो...'
उन्होंने कहा कि इस समय पार्टी कार्यकर्ता हतोत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "सिर्फ सांसद निधि से पैसा बांटकर कोई चुनाव नहीं जीत सकता। अगर मैंने जिन लोगों की सिफारिश की थी, उन्हें समय पर जिम्मेदारी दी गई होती, तो वे बाहर आकर पार्टी के लिए काम करते। आज मुझे कोई ऐसा कार्यकर्ता नजर नहीं आता, जो पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम करेगा। हम इन कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव जीतते हैं।”
उन्होंने कहा, "मैं मैदान में गई हूं और जमीनी हालात देखे हैं। मुझे नहीं लगता कि हम ज्यादा सफलता हासिल कर पाएंगे, इसलिए मैंने अपना नाम वापस लेने का फैसला किया है।"
कौल सिंह ठाकुर का सुझाया नाम
प्रतिभा सिंह ने कहा, "हमारे सामने छह विधायकों के रूप में एक नई चुनौती है, जिन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। उपचुनाव होने जा रहे हैं। इन छह सीटों पर चुनाव होना है और हमें सभी पर जीत हासिल करनी है और इन्हें जिताना मेरी जिम्मेदारी है। यही कारण है कि मैंने मंडी से अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। पहले स्थिति बहुत अलग थी। पार्टी के लिए लोकसभा चुनाव जीतना प्राथमिकता थी, इसके लिए, मैंने कई बार मंडी का दौरा किया है और मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र के सभी कोनों से अच्छी तरह वाकिफ हूं। मैंने मंडी के लिए कौल सिंह ठाकुर का नाम सुझाया है, क्योंकि वह इस क्षेत्र में जाने जाते हैं और उन्हें जमीन की अच्छी समझ भी है।"