Keralam polls 2026: "राहुल गांधी BJP की 'B-टीम' हैं"; केरलम सीएम पिनराई विजयन का कांग्रेस पर तीखा हमला

Kerala Elections 2026: केरलम के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर गुरुवार (26 मार्च) को निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक हस्ती होने के बावजूद वह अनुभव से सीखते नहीं हैं। विजयन ने राहुल गांधी एवं उनकी पार्टी कांग्रेस पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की 'बी-टीम' होने का आरोप लगाया

अपडेटेड Mar 26, 2026 पर 4:13 PM
Story continues below Advertisement
Keralam Elections 2026: केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है

Keralam Assembly Elections 2026: केरलम के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने गुरुवार (26 मार्च) को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके नेता ऐतिहासिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की 'बी-टीम' के रूप में काम करते रहे हैं। साथ ही सीएम ने राज्य में कम्युनिस्ट जनता पार्टी यानी कथित सीपीआई (एम)-BJP गठजोड़ के आरोपों को खारिज कर दिया। विजयन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक हस्ती होने के बावजूद वह अनुभव से सीखते नहीं हैं।

विजयन ने राहुल गांधी एवं उनकी पार्टी पर भारतीय जनता पार्टी की 'बी-टीम' होने का आरोप लगाया। बुधवार को राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि केरलम के मुख्यमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में केंद्रीय एजेंसियों की कथित निष्क्रियता वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) और BJP के बीच साठगांठ का सबूत है।

विजयन ने कांग्रेस नेता के आरोप को लेकर कोठमंगलम में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, "भले ही वह (राहुल) एक राष्ट्रीय नेता हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि उनमें क्षेत्रीय नेता जैसी समझ भी नहीं है। वह किसी भी बात को स्पष्ट रूप से समझने की कोशिश नहीं करते। वह अनुभव से सीखते नहीं हैं।"


पीटीआई के मुताबिक उन्होंने आगे कहा, "ये किसी राजनीतिक नेता को शोभा देने वाली बात नहीं हैं। कांग्रेस के एक अहम नेता में इतनी गिरावट कैसे आ सकती है? यह सब दिखाता है कि भारत में राहुल गांधी और कांग्रेस, BJP की ‘बी-टीम’ हैं।"

विजयन ने कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए कहा कि दिल्ली में, आबकारी नीति भ्रष्टाचार मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की मांग राहुल गांधी और कांग्रेस ने की थी। लेकिन बाद में केजरीवाल बरी हो गए। उन्होंने कहा कि यह BJP एवं राहुल समेत कांग्रेस के मुंह पर तमाचा है।

केरलम सीएम ने कहा कि दिल्ली में BJP को हराने के लिए AAP के साथ हाथ मिलाने के बजाय कांग्रेस ने केजरीवाल की पार्टी का विरोध किया जिससे वहां BJP की जीत हुई। विजयन ने दावा किया कि इसी तरह हरियाणा और बिहार में BJP के खिलाफ गठबंधन को आगे नहीं बढ़ा पाने में कांग्रेस की विफलता के कारण उन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई।

उन्होंने कहा, "यह सब दिखाता है कि कांग्रेस BJP को जिताने में मदद कर रही है। उसकी साझेदार के रूप में काम कर रही है।" विजयन ने कहा कि केरल में एलडीएफ को हराने के लिए दशकों से कांग्रेस ही BJP के साथ गठजोड़ करती रही है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस और BJP, दोनों की मानसिकता एक जैसी है।"

राहुल गांधी ने क्या कहा था?

राहुल गांधी ने बुधवार 25 मार्च को कांग्रेस की अगुवाई वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) के एक चुनावी कार्यक्रम में कहा था कि देशभर में विपक्ष के नेताओं को BJP के खिलाफ लड़ने के कारण निशाना बनाया गया। उनके खिलाफ मामले दर्ज किए गए। लेकिन विजयन के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले आगे नहीं बढ़ रहे। यह एलडीएफ एवं BJP के बीच मिलीभगत का संकेत था।

ये भी पढे़ं- Ram Navami in Bengal: पश्चिम बंगाल में राम नवमी को लेकर हाई अलर्ट! 3000 पुलिसकर्मी तैनात, शोभा यात्रा को लेकर गाइडलाइंस जारी

राहुल गांधी ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री विजयन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि उन्हें ऐसे लाभ मिल रहे हैं जो अन्य गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्रियों को नहीं दिए जाते। उनके बयान से यह संकेत मिलता है कि केरल में CPI(M) और बीजेपी के बीच एक मौन गठबंधन देखने को मिल रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।