Lok Sabha Chunav 2024 Phase 2: ये हैं दूसरे चरण के 'करोड़पति' उम्मीदवार, कोठी-बंगले वाले 390 नेता चुनावी मैदान में

Lok Sabha Election 2024 Phase 2 Voting: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 5.17 करोड़ रुपए है। प्रमुख दलों में, कांग्रेस (Congress) के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति सबसे अधिक 39.70 करोड़ रुपए है, इसके बाद BJP उम्मीदवारों के पास 24.68 करोड़ रुपए, समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों के पास 17.34 करोड़ रुपए

अपडेटेड Apr 26, 2024 पर 5:30 AM
Lok Sabha Chunav 2024 Phase 2: ये हैं दूसरे चरण के 'करोड़पति' उम्मीदवार

Lok Sabha Chunav 2024 Phase 2 Voting: लोकसभा चुनाव के दूसरा चरण के लिए शु्क्रवार 26 अप्रैल को मतदान होने जा रहा है। 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 1192 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। आप भी अपने संसद प्रतिनिधी को चुनने और वोट डालने के लिए घर से निकलने से पहले एक बार ये जरूर पढ़ते जाएं कि इस दूसरे चरण में आखिर कितने अमीर और करोड़पति उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और नेशनल इलेक्शन वॉच ने 12 राज्यों में लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 1198 उम्मीदवारों में से 1192 के नामांकन पत्रों का विश्लेषण किया है।

ADR की रिपोर्ट के मुताबिक, लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) के दूसरे चरण (Phase 2) में 622 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति के साथ, कर्नाटक के मांड्या से कांग्रेस (Congress) उम्मीदवार वेंकटरमणे गौड़ा लोकसभा के दूसरे चरण के चुनाव में सबसे अमीर उम्मीदवार हैं।

गौड़ा के बाद बेंगलुरु ग्रामीण लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार डीके सुरेश हैं, जो कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार के भाई हैं, उन्होंने 593 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति घोषित की है। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश के मथुरा से BJP उम्मीदवार और अभिनेता हेमामालिनी हैं, उनके के पास 278 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है।


लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में  390 करोड़पति

लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे 1192 उम्मीदवारों में से 390 (33 प्रतिशत) "करोड़पति" हैं। दूसरे चरण में चुनाव लड़ रहे छह उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन्होंने शून्य संपत्ति घोषित की है।

कुल 140 उम्मीदवारों ने पांच करोड़ रुपए या उससे ज्यादा की संपत्ति घोषित की है, 112 उम्मीदवारों के पास दो करोड़ से पांच करोड़ रुपए के बीच की संपत्ति है, और 353 उम्मीदवारों ने 10 लाख रुपए से कम की संपत्ति घोषित की है।

हालांकि, केरल के पांच उम्मीदवारों समेत छह उम्मीदवारों का विश्लेषण नहीं किया जा सका, जिसके चलते इस रिपोर्ट में उनकी घोषित संपत्ति का कोई डेटा नहीं है।

चुनावी मैदान में कुछ गरीब उम्मीदवार भी

ऐसा नहीं है कि सिर्फ अमीर या करोड़पति उम्मीदवार ही चुनाव लड़ रहे हैं। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि दूसरे चरण में कई ऐसे उम्मीदवार भी हैं, जिनके पास संपत्ति के नाम पर महज 500 या 1000 रुपए हैं।

ऐसे उम्मीदवारों की लिस्ट में महाराष्ट्र के नांदेड़ से निर्दलीय उम्मीदवार लक्ष्मण नागोराव पाटिल हैं, जिन्होंने कुल 500 रुपए की संपत्ति घोषित की है।

इसके अलावा केरल के कासरगोड़ से राजेश्वरी केआर ने 1000 रुपए और महाराष्ट्र के अमरावती पृथ्वीसम्राट मुकींद्राव दीपवंश ने 1,000 रुपए की कुल संपत्ति घोषित की है।

लोकसभा के दूसरे चरण का चुनाव लड़ रहे प्रति उम्मीदवार की औसत संपत्ति 5.17 करोड़ रुपए है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।