Credit Cards

Lok Sabha Polling Highlights: बंगाल-असम में बंपर वोटिंग, जानिए कितने फीसदी हुआ मतदान

Lok Sabha Polling Highlights: लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान खत्म हो गए। इस चरण में 21 राज्यों की कुल 102 सीटों पर वोटिंग हुई। पहले चरण में कुल 1625 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पश्चिम बंगाल, मणिपुर में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर पूरे देश में शांति पूर्ण तरीके से मतदान हुए

अपडेटेड Apr 19, 2024 पर 7:04 PM
Story continues below Advertisement
LOK SABHA POLLING HIGHLIGHTS: पहले चरण में 1.87 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं 18 लाख से ज्यादा मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है।

Lok Sabha Polling Highlights: लोकसभा चुनाव के पहले चरण का चुनाव प्रचार अभियान 17 अप्रैल को थम गया था। आज पहले चरण के मतदान खत्म हो गए। पहले दौर के चुनाव में 21 राज्यों की कुल 102 सीटों पर वोटिंग हुई। इस चरण में 1625 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद हो गई। चुनाव आयोग ने 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर 18 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया था। इन वोटिंग सेंटर्स पर 16.63 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। इनमें 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 थर्ड जेंडर शामिल हैं।

इस बार के लोकसभा चुनाव में 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं। इसके साथ ही 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा वोटर हैं। पहले चरण के चुनाव में 8 केंद्रीय मंत्री, एक पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

पहले चरण में ये दिग्गज चेहरे हैं शामिल


8 केंद्रीय मंत्री, एक पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल भी इस बार चुनाव मैदान में हैं। पहले चरण में नागपुर सीट से नितिन गडकरी, अरुणाचल पश्चिम से किरण रिजिजू, डिब्रूगढ़ से सर्बानंद सोनोवाल, मुजफ्फरनगर से संजीव बलियान, अलवर से भूपेंद्र यादव, मेघवाल से अर्जुन राम, नीलगिरी से एल मुरुगन, उधमपुर से डॉ. जितेंद्र सिंह, पश्चिम त्रिपुरा से बिप्लब कुमार देब, और चेन्नई दक्षिण से तमिलिसाई सौंदरराजन शामिल हैं।

इन सीटों पर कड़ी नजर

अरुणाचल पश्चिम से केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू मैदान में हैं। रिजिजू 2004 से यहां से सांसद हैं। रिजिजू पूर्वोत्तर में बीजेपी का बड़ा चेहरा हैं। वो कानून मंत्री और गृह राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। इस बार उनका मुकाबला पूर्व सीएम नबाम टुकी से होने जा रहा है।

डिब्रूगढ़ (असम) से बीजेपी ने पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल को यहां से उम्मीदवार बनाया है। साल 2021 में असम में हिमंता बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री बनाने के बाद सोनोवाल को केंद्रीय मंत्री बनाया गया था। इस बार सर्बानंद सोनोवाल का मुकाबला असम जातीय परिषद के लुरिंज्योति गोगोई और आम आदमी पार्टी के मनोज धानोवार से होगा।

इन दिग्गजों ने किया मतदान 

RSS चीफ मोहन भागवत ने डाला वोट (7.20 AM)

लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण की मतदान प्रक्रिया देश भर में शुरू हो चुकी है। महाराष्ट्र के नागपुर में RSS प्रमुख मोहन भागवत ने मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मतदान 100 फीसदी होना चाहिए। सबको मतदान करने का अधिकार है।

कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने किया मतदान (7.35 AM) 

कांग्रेस के नेता पी चिदंबरम ने शिवगंगा के एक मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। मतदान के बाद चिदंबरम ने कहा कि मुझे बेहद खुशी हो रही है कि मैं लोकसभा चुनाव में अपना वोट डाल सका। मुझे विश्वा है कि इंडिया गठबंधन तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर जीत हासिल करेगी।

बिहार में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी (9.25 AM)

बिहार में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत चार सीटों गया, नवादा, औरंगाबाद और जमुई पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। इन चार सीटों पर 75 लाख से अधिक मतदाता 38 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। यहां 5,000 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कुछ संवेदनशील भी हैं।

राहुल गांधी ने की मतदान करने की अपील (9:35 AM) 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोगों से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने पार्टी के 'पांच न्याय' का हवाला दिया है और लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए कहा है। राहुल गांधी ने कहा कि वे नफरत को हराकर देश के हर कोने में 'मोहब्बत की दुकान' खोल देंगे।

राजस्थान की 12 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी (9.45 AM)

राजस्थान में लोकसभा की 25 में से 12 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। राजस्थान में लोकसभा की कुल 25 सीटें हैं। इनमें से पहले चरण में चूरू, नागौर, गंगानगर, झुंझुनू, बीकानेर, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर और दौसा में मतदान हो रहे हैं। शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा। निर्वाचन क्षेत्रों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्थान पुलिस के साथ ही केन्द्रीय सशस्त्र बलों की कंपनियां और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया है।

मणिपुर के सीएम ने किया मतदान (9.50AM) 

मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने इम्फाल पूर्व के लुवांगसांगमबाम ममांग लीकाई में मतदान किया उन्होंने कहा कि मणिपुर के सभी भाइयों और बहनों से मैं अपील करना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए दोनों सीट NDA को दें।

सुबह 9 बजे तक कहां-कितने फीसदी हुए मतदान (10.00 AM)

अंडमान निकोबार में सुबह 9 बजे तक 8.64% मतदान हुआ। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 5.11%, असम में 11.15%, बिहार में 9.23%, छत्तीसगढ़ में 12.02%, जम्मू-कश्मीर में 10.43%, लक्षदीप में 5.59%, मध्य प्रदेश में 14.12%, महाराष्ट्र में 6.98%, मणिपुर में 8.80%, मेघायलय में 13.30%, मिजोरम में 10.27%2, नागालैंड में 8.61%, पुडुचेरी में 8.52%, राजस्थान में 10.67%, सिक्किम में 7.9%, तमिलनाडु में 8.21%, त्रिपुरा में 14.15%, उत्तर प्रदेश में 12.66%, उत्तराखंड में 10.54% मतदान हुआ।

महाराष्ट्र की 5 सीटों पर मतदान जारी (10.10 AM)

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत महाराष्ट्र की 5 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। इन सीटों पर 95 लाख से अधिक मतदाता हैं। पहले चरण में नागपुर, रामटेक (अनुसूचित जाति), भंडारा-गोंदिया, चंद्रपुर और नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली-चिमूर (अनुसूचित जनजाति) निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान हो रहे हैं। इन सीटों पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कुल 97 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

छत्तीसगढ़ के बस्तर में दो घंटे में 12% से अधिक मतदान (10.20 AM) 

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट पर पहले दो घंटे में 12.02 फीसदी वोटिंग हुई। इस लोकसभा क्षेत्र में कुल 8 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। कुछ इलाकों में दोपहर 3 बजे तक मतदान कर सकेंगे। वहीं कुछ इलाकों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कर सकेंगे।

त्रिपुरा के सीएम ने किया मतदान (10.30 AM)

त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा अगरतला में मतदान किया। उन्होंने कहा कि वोट डालकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। सभी को वोट डालना चाहिए। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहे हैं।

मुजफ्फरनगर और मुरादाबाद में बूथ कैप्चरिंग के लगे आरोप (10.35 AM)

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगे हैं। सपा प्रत्याशी हरेंद्र मलिक ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। मलिक ने आरोप लगाए हैं कि BJP प्रत्याशी संजीव बालियान के गांव कुटबा कुटबी में बीजेपी के एजेंट्स ने बूथ कैपचरिंग की है।

पश्चिम बंगाल में केंद्रीय मंत्री के घर के पास बम मिलने से हड़कंप (10.45 AM)

पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच एक बहुत ही बड़ी घटना सामने आई है। केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक के घर के पास बम मिला है। पुलिस ने बम को हटा दिया है। वहीं कूच बिहार में मतदान केंद्र पर पथराव की घटना सामने आई है। बता दें कि यहां चंदामारी में स्थित पोलिंग बूथ के सामने पथराव किया गया है।

अमरोहा में पीएम मोदी ने मतदाताओं से की यह अपील (10.50AM)

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरे चरण के चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। आज वो उत्तर प्रदेश के अमोरहा में चुनावी अभियान को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज (19 अप्रैल 2024) पहले चरण का मतदान हो रहा है। ये लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव का बहुत बड़ा दिन है। मेरा सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि संविधान से मिले इस अधिकार का उपयोग जरूर करें। और विशेषकर मैं अपने युवाओं से आग्रह करूंगा, जो पहली बार वोट डालने जा रहे हैं कि वे ऐसा मौका जाने न दें, वो अवश्य वोट करें।

पश्चिम बंगाल के कूचविहार में जमकर हंगामा (10.55AM) 

पश्चिम बंगाल में वोटिंग के दौरान कूचबिहार के कई मतदान केंद्रों से हिंसा की खबरें सामने आई हैं। कथित तौर पर मतदान को रोकने की कोशिश की गई है। इसके लिए चंदामारी गांव में भारी पथराव किया गया। कूचबिहार के सीतलकूची में BJP और TMC कार्यकर्ताओं पर जमकर बवाल हुआ। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे गुट के बीच मारपीट की खबरें सामने आईं हैं।

पोलिंग बूथ के बाथरूम में मिली CRPF जवान की लाश (11.00 AM)

पश्चिम बंगाल के माथाभांगा इलाके में CRPF जवान की लाश मिली है। जवान को यहां चुनाव ड्यूटी पर तैनात किया गया था। पोलिंग बूथ के बाथरूम में उसका शव पड़ा मिला। CRPF जवान की मौत संदिग्ध बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं।

राजस्थान के राज्यपाल और सीएम ने किया मतदान (11.10AM) 

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में राजस्थान की 12 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहे हैं। राज्यपाल कलराज मिश्र और सीएम भजनलाल शर्मा समेत कई नेताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। राज्यपाल मिश्र और उनकी पत्नी सत्यवती मिश्र ने एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान के बाद मिश्र ने कहा कि मतदान भारत के हर पात्र नागरिक का संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि कर्तव्य भी है। इससे लोकतंत्र मजबूत होता है। वहीं राज्य के सीएम शर्मा भी पत्नी के साथ जगतपुरा के मतदान केंद्र पर पहुंचे और वोट डाला।

देवेंद्र फडणवीस ने डाला वोट (11.20 AM) 

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेन्द्र फडणवीस और उनकी पत्नी अमृता फडणवीस ने वोट डाला। उन्होंने  कहा कि लोकतंत्र का महोत्सव शुरू हो चुका है। अभी-अभी मैंने, मेरी पत्नी, मेरी मां और मेरे परिवार ने मतदान किया। मैं जनता से अपील करता हूं कि मतदान करें, लोकतंत्र को मज़बूत करें, लोकतंत्र के इस महोत्सव में अपनी हिस्सेदारी दर्ज करें।

यूपी में 11 बजे तक 25.2% मतदान (11.35 AM)

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 11 बजे तक 25.20 फीसदी मतदान हुआ था। सहारनपुर लोकसभा सीट पर सबसे अधिक 29.84 प्रतिशत वोट डाले गए थे। वहीं मुजफ्फरनगर में 22.62 फीसदी के साथ सबसे धीमी चल रही है।

सुबह 11 बजे तक कहां-कितने फीसदी हुए मतदान (11.50 AM)

अंडमान निकोबार में सुबह 9 बजे तक 21.82% मतदान हुआ। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 20.13%, असम में 27.22%, बिहार में 20.42%, छत्तीसगढ़ में 28.12%, जम्मू-कश्मीर में 22.60%, लक्षदीप में 16.33%, मध्य प्रदेश में 30.46%, महाराष्ट्र में 19.17%, मणिपुर में 29.23%, मेघायलय में 33.12%, मिजोरम में 28.78%, नागालैंड में 25.24%, पुडुचेरी में 28.10%, राजस्थान में 22.59%, सिक्किम में 21.20 %, तमिलनाडु में 23.87%, त्रिपुरा में 34.54%, उत्तर प्रदेश में 25.20 %, उत्तराखंड में 24.83 मतदान हुआ।

छत्तीसगढ़ के बस्तर में 11 बजे तक 28% से अधिक मतदान (12.00 PM)

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट पर सुबह 11 बजे तक 28.12 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई है। बस्तर लोकसभा क्षेत्र में कुल 8 विधानसभा क्षेत्र हैं।

पूरे देश में बदलाव का माहौल – सचिन पायलट (12.15 PM) 

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि पूरे देश और प्रदेश में बदलाव का माहौल है। मुझे जो देखने को मिल रहा है, उसके आधार पर मुझे लगता है कि कांग्रेस का प्रदर्शन पहले से बहुत अच्छा रहेगा और 4 जून को INDIA गठबंधन का बहुमत हमें हासिल होगा। हमारे देश के मतदाता बहुत समझदार हैं।

मध्य प्रदेश में मॉकपोल रहा सफल – चुनाव आयोग (12.25 PM) 

मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने कहा कि आज (19 अप्रैल 2024) पहले चरण के लिए 13,588 मतदान केंद्रों पर मॉक पोल की कार्रवाई की गई। मॉक पोल सफल रहा। सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है। अभी भी जारी है। सुबह 9 बजे तक राज्य का मतदान प्रतिशत लगभग 15% था और 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 30.46% है। कहीं से कोई अप्रिय घटना की खबर सामने नहीं है।

बिहार के पहले चरण में सभी सीटें जीत रहे हैं - चिराग पासवान (12.45 PM) 

LJP (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि जमुई की सीट हम एक बड़े अंतर के साथ जीतने जा रहे हैं। यही माहौल चारों सीट पर है। गठबंधन में मजबूत होकर हमने अपनी बातों को जनता तक पहुंचाया है। INDI गठबंधन से  RJD के अलावा कोई बड़ा नेता प्रचार करने नहीं आया। अभी तक कांग्रेस का कोई बड़ा नेता सक्रिय रूप से नहीं दिखा। वे लोग जानते हैं कि ये चुनाव उनके लिए हर बार से ज्यादा कठिन है। पहले चरण की चारों सीटें हम जीत रहे हैं।

मणिपुर के सीएम ने मतदाताओं से की यह अपील (01.05 PM)

मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह ने मतदाताओं से अपील की कि वे राज्य के मूल निवासियों को बचाने और इसकी क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए मतदान जरूर करें। सिंह ने लुवांगसंगबाम ममांग लेइकाई में अपना वोट डालने के बाद कहा कि मुझे उम्मीद है कि इनर मणिपुर में भाजपा के उम्मीदवार टी. बसंत सिंह और आउटर मणिपुर के लिए एनपीएफ (नगा पीपुल्स फ्रंट) के के. टिमोथी जिमिक निश्चित रूप से जीतेंगे। इसके साथ ही केंद्र में भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के नेतृत्व वाली राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) सरकार बनाने में सहयोग करेंगे।

TMC को हार नजर आ रही है – बीजेपी प्रत्याशी (01.20 PM)

केंद्रीय मंत्री और कूचबिहार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि लोग बूथ तक ना जा पाएं। इसके लिए TMC पूरी तरह से कोशिश में जुटी हुई है। TMC की आंखों में हारने का डर दिख रहा है। लोग TMC के गुंडो का विरोध करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। लोग निश्चित रूप से हिंसा का जवाब अपने वोट के माध्यम से देंगे।

मणिपुर में फायरिंग, 3 लोग घायल (01.35 PM) 

जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर में पहले चरण के मतदान जारी हैं। इस बीच मोइरांग क्षेत्र के थमनपोकपी में एक पोलिंग बूथ के पास बदमाशों के एक ग्रुप ने कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलीबारी से वोट डालने के लिए लाइन में लगे मतदाताओं में दहशत फैल गई। इस गोलीबारी में 3 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। बता दें कि मणिपुर की दो लोकसभा सीटों (मणिपुर इनर और मणिपुर आउटर) पर भी इस फेज में वोटिंग है। हिंसा को देखते हुए आउटर सीट के कुछ हिस्सों में 26 अप्रैल को भी वोटिंग होगी।

दोपहर 1 बजे तक कहां-कितने फीसदी हुए मतदान (01.45 PM)

अंडमान निकोबार में दोपहर 01 बजे तक 35.70% मतदान हुए। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 37.04%, असम में 45.12%, बिहार में 32.41%, छत्तीसगढ़ में 42.57%, जम्मू-कश्मीर में 42.11%, लक्षदीप में 29.91%, मध्य प्रदेश में 44.43%, महाराष्ट्र में 32.36%, मणिपुर में 46.92%, मेघायलय में 48.91%, मिजोरम में 39.09%, नागालैंड में 42.34%, पुडुचेरी में 44.95%, राजस्थान में 33.73%, सिक्किम में 36.82%, तमिलनाडु में 39.51%, त्रिपुरा में 53.04%, उत्तर प्रदेश में 36.96%, उत्तराखंड में 37.33%, पश्चिम बंगाल में 50.96%, मतदान हुआ।

छत्तीसगढ़ के बस्तर में दो घंटे में 42 फीसदी से अधिक मतदान (02.15 PM)

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट पर दोपहर 1 बजे तक 42.57 फीसदी वोटिंग हुई। इस लोकसभा क्षेत्र में कुल 8 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। कुछ इलाकों में दोपहर 3 बजे तक मतदान कर सकेंगे। वहीं कुछ इलाकों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कर सकेंगे।

मतदाताओं का उत्साह दिख रहा है – सीएम योगी (02.35 PM)

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र के महापर्व के प्रथम चरण का मतदान हो रहा है। कुछ लोकसभा सीटें ऐसी हैं जहां 50 फीसदी तक मतदान हो चुका है। बाकी में भी एक स्पीड बनी हुई है। यह स्पीड बताती है कि एक बार फिर से देश में मोदी सरकार के आने का लोगों में उतावलापन दिखाई दे रहा है।

सिक्किम में दोपहर 1 बजे तक 36.75 फीसदी से अधिक मतदान (2.45PM)

सिक्किम की 32 विधानसभा सीट और एकमात्र लोकसभा सीट पर दोपहर 1 बजे तक 36.75 फीसदी मतदान हो चुका है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गए थे। जो कि शाम 5 बजे तक जारी रहेंगे। सिक्किम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डी. आनंदन ने बताया कि 573 मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है। इन मतदान केंद्रों में से 88 शहरी और 485 ग्रामीण इलाकों में हैं।

इंफाल में मतदान रुका (3.00 PM)

इंफाल में 5 थोंगजू, 31 खोंगमान जोन में कुछ महिलाओं ने मतदान के दौरान अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। इसके बाद मतदान रोक दिया गया है। मतदान अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्र बंद कर दिए गए हैं। कुल 5 बूथों पर मतदान रोक दिया गया है। जिनमें से 2 पूर्वी इंफाल में और 3 पश्चिमी इंफाल में हैं।

पुडुचेरी में बाइक चलाकर वोट डालने पहुंचे सीएम (03.20 PM)

पुडुचेरी के सीएम और अखिल भारतीय नामथु राजियम कांग्रेस प्रमुख एन रंगास्वामी बाइक से वोट डालने पहुंचे। उन्होंने पुडुचेरी के पोलिंग बूथ पर मतदान किया। इस दौरान उनके सुरक्षागार्ड उनके पीछे दौड़ते नजर आए।

नागालैंड में दोपहर 1 बजे तक 43.53 फीसदी मतदान (3.35PM)

नागालैंड की एकमात्र लोकसभा सीट पर दोपहर 1 बजे तक करीब 43.53 फीसदी मतदान हुआ। चुनाव से जुड़े अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी है। नगालैंड में कुल 13.25 लाख मतदाता हैं। अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गए थे। शाम 4 बजे तक मतदान जारी रहेगा।

साल 2019 के बाद जम्मू-कश्मीर में पहली बार मतदान (3.50PM) 

नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अगस्त 2019 के बाद यह पहली बार है। जब यहां लोकसभा चुनाव हो रहे हैं। तब भाजपा ने कश्मीर की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। अब गृह मंत्री कह रहे हैं कि पहले लोगों का दिल जीतेंगे फिर चुनाव लड़ेंगे। इसका मतलब है कि वे दिल नहीं जीत पाए हैं।

दोपहर 3 बजे तक कहां-कितने फीसदी हुए मतदान (04.00PM)

अंडमान निकोबार में दोपहर 03 बजे तक 45.48% मतदान हुए। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 55.05%, असम में 60.70 %, बिहार में 39.73%, छत्तीसगढ़ में 58.14, जम्मू-कश्मीर में 57.09 %, लक्षदीप में 43.98%, मध्य प्रदेश में 53.40%, महाराष्ट्र में 44.12 %, मणिपुर में 63.03%, मेघायलय में 61.95 %, मिजोरम में 49.7%, नागालैंड में 52.35%, पुडुचेरी में 58.86 %, राजस्थान में 41.51%, सिक्किम में 52.72 %, तमिलनाडु में 51.10 %, त्रिपुरा में 68.35 %, उत्तर प्रदेश में 47.44 %, उत्तराखंड में 45.62 , पश्चिम बंगाल में 66.34 %, मतदान हुआ।

छत्तीसगढ़ के बस्तर में दोपहर 3 बजे तक 58% से अधिक मतदान (4.20 PM)

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट पर दोपहर 3  बजे तक 58.14 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई है। बस्तर लोकसभा क्षेत्र में कुल 8 विधानसभा क्षेत्र हैं।

विपक्ष पर जयंत चौधरी ने कसा तंज (4.40 PM) 

उत्तर प्रदेश (यूपी) के बागपत में आज (19 अप्रैल, 2024) को लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान जारी हैं। इस बीच आरएलडी चीफ जयंत चौधरी ने विपक्ष की ओर से ईवीएम पर सवाल उठाए जाने को लेकर कहा है कि वो चुनाव क्यों लड़ रहे हैं? वे एक नकारात्मक रवैया अपना रहे हैं। उनका कोई एजेंडा नहीं है, दूसरी ओर एनडीए एक स्पष्ट  विजन के साथ काम कर रहा है। पहले से यह कहना कि ईवीएम खराब है, ये इनके हारने के बहाने हैं।

जम्मू-कश्मीर के डोडा में ‘पिंक बूथ’ पर वोट डालने उमड़ीं महिलाएं (5.00PM)

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर लोकसभा क्षेत्र के डोडा जिले में कड़े सुरक्षा के बीच मतदान जारी हैं। यहां महिला कर्मियों की तैनाती वाले “पिंक बूथ” पर बड़ी संख्या में महिलाएं वोट डालने के लिये उमड़ रही हैं। इन “पिंक बूथ” की ओर महिला मतदाता विशेषकर मुस्लिम महिलाओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। चुनाव अधिकारियों ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर संसदीय क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान मूसलाधार बारिश के बावजूद शुरुआती चार घंटों में 22 फीसदी से अधिक मतदाता वोट डाल चुके हैं।

उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 47.44% मतदान (5.25 PM)

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 8 सीटों दोपहर 3 बजे तक 47.44 फीसदी मतदान हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गए थे। यहां वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। आज जिन सीट पर मतदान हो रहा है उनमें सहारनपुर, बिजनौर, कैराना, मुजफ्फरनगर, नगीना (आरक्षित), मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत शामिल हैं।

निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक सहारनपुर में 53.31 फीसदी, मुरादाबाद में 46.28 फीसदी, कैराना में 48.92 फीसदी, नगीना में 48.15 फीसदी, पीलीभीत में 49.06 फीसदी, बिजनौर में 45.70 फीसदी, रामपुर में 42.77 फीसदी और मुजफ्फरनगर में 45.18 फीसदी मतदान हुआ।

गुवाहाटी सीट पर 5 लाख से अधिक वोटों से जीतेंगे - हिमंत बिस्व सरमा ( 5.50PM) 

गुवाहाटी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार बिजुली कालिता मेधी ने आज (19 अप्रैल) अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस मौके पर असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा भी मौजूद रहे। उन्होने भरोसा जताया है कि भारतीय जनता पार्टी पांच लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से यहां जीत हासिल करेगी। सरमा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज लोगों में वोट डालने के प्रति उत्साह बढ़ता जा रहा है।

जानिए शाम 5 बजे तक कहां-कितने फीसदी हुए मतदान (06.00PM)

अंडमान निकोबार में शाम 05 बजे तक 56.87% मतदान हुए। वहीं अरुणाचल प्रदेश में 63.57%, असम में 70.77%, बिहार में 46.32%, छत्तीसगढ़ में 63.41 , जम्मू-कश्मीर में 65.08%, लक्षदीप में 59.02%, मध्य प्रदेश में 63.25%, महाराष्ट्र में 54.85 %, मणिपुर में 68.15%, मेघायलय में 69.91%, मिजोरम में 52.91%, नागालैंड में 55.97%, पुडुचेरी में 72.84%, राजस्थान में 50.27%, सिक्किम में 68.6 %, तमिलनाडु में 62.08 %, त्रिपुरा में 76.10%, उत्तर प्रदेश में 57.54 %, उत्तराखंड में 53.56% , पश्चिम बंगाल में 77.57 %, मतदान हुआ।

असम में महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा (6.30 PM) 

असम में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान के दौरान मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिला मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया। डिब्रूगढ़, जोरहाट, लखीमपुर, सोनितपुर और काजीरंगा सीट पर मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गए थे। इन पांच सीट पर महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं के मुकाबले अधिक है।

तमिलनाडु की सभी लोकसभा सीटों पर वोटिंग खत्म (6.40 PM)

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर वोटिंग खत्म हो गई है। तमिलनाडु में शाम 05 बजे तक 62.08 फीसदी मतदान हुआ। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि शाम 5 बजे तक धर्मपुरी लोकसभा सीट पर सबसे अधिक 67.52 फीसदी मतदान हुआ, जबकि दक्षिण चेन्नई सीट पर सबसे कम 57.04 प्रतिशत मतदान हुआ।

राजस्थान की 12 लोकसभा सीट पर शाम 5 बजे तक 50.27 फीसदी मतदान (7.00 PM) 

आम चुनाव के पहले चरण में राजस्थान में 12 लोकसभा क्षेत्रों में शाम 5 बजे तक 50.27 फीसदी मतदान हुआ। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गए थे। सबसे ज्यादा 60.29 फीसदी मतदान गंगानगर लोकसभा सीट पर हुआ। इस दौरान करौली धौलपुर सीट पर सबसे कम 42.53 फीसदी मतदान हुआ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।