Odisha Lok Sabha Elections 2024: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम चुनाव 2024 के पांच चरण पूरे होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 310 लोकसभा सीटें मिलने का दावा किया है। एक चुनावी रैली के दौरान शाह ने ओडिशा के लोगों से मंगलवार (21 मई) को अपील की कि वे राज्य को 'बाबू-राज' से आजाद कराएं और BJP को केंद्र एवं राज्य दोनों में सरकार बनाने के लिए समर्थन दें। शाह ने संबलपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार ओडिशा में बीजेपी का चुनाव चिह्न 'कमल' खिलेगा। बता दें कि संबलपुर सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मैदान में उतारा है।
रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कहा, "पांचवें चरण के मतदान के बाद BJP को 310 सीट पहले ही मिल चुकी हैं। छठे और सातवें दौर के मतदान के बाद हम 400 से अधिक सीट हासिल कर लेंगे।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में मुट्ठी भर अधिकारियों का शासन है। उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव राज्य में मौजूदा 'बाबू रा' को समाप्त कर देगा।
अमित शाह के संबोधन की बड़ी बातें
- अमित शाह ने राज्य में बीजू जनता दल (BJD) की सरकार पर ओडिशा के गौरव, भाषा, संस्कृति और परंपरा का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "बीजद सरकार जगन्नाथ मंदिर को एक वाणिज्यिक केंद्र में बदलना चाहती है। मठों और मंदिरों को नष्ट कर दिया गया है और मंदिर के चारों द्वार अब भी जनता के लिए नहीं खोले गए हैं।"
- शाह ने कहा, "नवीन बाबू ने ओडिशा के लोगों पर 'अधिकारी राज' थोपकर उनका अपमान किया है। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक राज्य के खनिज संसाधनों को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे।
- बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि हम 18 महीने के भीतर चिटफंड घोटाले में शामिल लोगों को सलाखों के पीछे डाल देंगे। सुभद्रा योजना के तहत प्रत्येक महिला लाभार्थी को 2 साल के भीतर 50,000 रुपये का नकद वाउचर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम 25 लाख लखपति दीदी बनाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक मछुआरे को सालाना 10,000 रुपये का भत्ता मिले।
- उन्होंने कहा कि यहां महाप्रभु के रत्न भंडार की चाबियां गुम हो गईं, नकली चाबी बनाई गई। कोई नहीं बताता कि रत्न भंडार कितनी बार खुला। रत्न भंडार की जांच रिपोर्ट को छिपाया गया। मैं आपको कह कर जाता हूं, आप भाजपा सरकार बना दो, रत्न भंडार के एक-एक पैसे का हिसाब हम उत्कल प्रदेश की जनता के सामने रखेंगे।
- अमित शाह ने कहा कि आप भारतीय जनता पार्टी की सरकार बना दीजिए, हम मेहनत करने वाला युवा और जोशीला मुख्यमंत्री देकर ओडिशा को समृद्ध बनाएंगे। इस पश्चिमी क्षेत्र के साथ BJD सरकार ने हमेशा अन्याय किया है। मैं आज कहकर जाता हूं, समग्र ओडिशा का पूर्ण विकास हो, इसके लिए बीजेपी कटिबद्ध है।