केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता दल (सेक्युलर) के लोकसभा चुनाव उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों का जिक्र करते हुए बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिलाओं पर अत्याचार करने वालों के साथ नहीं रह सकती। उन्होंने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर वोक्कालिगा समुदाय बहुल क्षेत्र में लोकसभा चुनाव होने तक हासन सीट से सांसद प्रज्वल के खिलाफ कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया। प्रज्वल पूर्व प्रधान मंत्री और जद (एस) के संरक्षक एचडी देवेगौड़ा के पोते और पूर्व मंत्री एच.डी. रेवन्ना के बेटे हैं। उन्होंने जद (एस) के टिकट पर इस बार भी हासन से चुनाव लड़ा है।