Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने राज बब्बर को गुड़गांव से, आनंद शर्मा को कांगड़ा से बनाया लोकसभा चुनाव का उम्मीदवार

Congress Candidates List: दिल्ली से सटे गुड़गांव संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने राज बब्बर को उम्मीदवार बनाया है। अब तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे राज बब्बर पहली बार हरियाणा में अपना राजनीतिक भाग्य आजमाने जा रहे हैं। उन्हें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का करीबी माना जाता है

अपडेटेड Apr 30, 2024 पर 9:33 PM
Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने राज बब्बर को गुड़गांव से, आनंद शर्मा को कांगड़ा से बनाया लोकसभा चुनाव का उम्मीदवार

कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा को मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया। पार्टी ने अभिनेता और उत्तर प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व अध्यक्ष राज बब्बर को हरियाणा के गुड़गांव संसदीय क्षेत्र से टिकट दिया है। कांग्रेस की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सतपाल रायजादा को टिकट दिया गया है जो सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को चुनौती देंगे। पार्टी ने मुंबई उत्तर लोकसभा क्षेत्र भूषण पटेल को उम्मीदवार बनाया है।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रहे, आनंद शर्मा लंबे समय तक राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। उनका उच्च सदन का कार्यकाल अप्रैल, 2022 में पूरा हुआ था। हालांकि, इसके बाद पार्टी ने राज्यसभा नहीं भेजा।

हरियाणा से पहली बार चुनाव लड़ेंगे राज बब्बर


दिल्ली से सटे गुड़गांव संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने राज बब्बर को उम्मीदवार बनाया है। अब तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे राज बब्बर पहली बार हरियाणा में अपना राजनीतिक भाग्य आजमाने जा रहे हैं। उन्हें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का करीबी माना जाता है।

हिमाचल प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीट के लिए एक जून और हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट के लिए 25 मई को मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।

आनंद शर्मा ने जब उठाए थे सवाल

आनंद शर्मा हाल ही में कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे को एक पत्र लिखने के लिए चर्चा में थे, जहां उन्होंने कहा था कि राष्ट्रव्यापी जाति जनगणना की पार्टी की मांग को पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की विरासत का अनादर करने के रूप में गलत समझा जा सकता है।

पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि जाति जनगणना बेरोजगारी और असमानताओं के लिए "रामबाण" या समाधान नहीं हो सकती है।

आनंद शर्मा, उस G-23 ग्रुप के एक प्रमुख सदस्य भी थे, जिसने 2019 के चुनाव में हार के बाद कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव का आह्वान किया था।

Bihar Loksabha Election: बिहार में गरमाया आरक्षण का मुद्दा! लालू के संविधान वाले बयाने पर नीतीश का पलटवार, NDA का अचूक हथियार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।