Lok Sabha Election 2024: बड़बोले नेताओं पर चुनाव आयोग का चाबुक, सुप्रिया श्रीनेत और दिलीप घोष को कारण बताओ नोटिस जारी

Lok Sabha Election 2024: भारत चुनाव आयोग ने भाजपा की लोकसभा उम्मीदवार कंगना रनौत के खिलाफ टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ टिप्पणी के लिए भाजपा सांसद दिलीप घोष को कारण बताओ नोटिस जारी किया

अपडेटेड Mar 27, 2024 पर 5:55 PM
Lok Sabha Election 2024: बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी

Lok Sabha Election 2024: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए बुधवार (27 मार्च) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता दिलीप घोष (Dilip Ghosh) और कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत (Supriya Shrinate) को कारण बताओ नोटिस जारी किया। कंगना रनौत को बीजेपी ने आम चुनाव के लिए हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।

निर्वाचन आयोग ने दिलीप घोष और सुप्रिया श्रीनेत की टिप्पणियों को अशोभनीय और गलत बताया। आयोग ने कहा कि प्रथम दृष्टया, दोनों टिप्पणियां आदर्श आचार संहिता और चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक दलों को गरिमा बनाए रखने की सलाह का उल्लंघन हैं।

29 मार्च तक मांगा जवाब


पोल पैनल की कार्रवाई बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस दोनों द्वारा दोनों बड़बोले नेताओं द्वारा की गई टिप्पणियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने के बाद आई। घोष और श्रीनेत को 29 मार्च शाम तक कारण बताओ नोटिस का जवाब देने को कहा गया है।

दिलीप घोष ने जताया खेद

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर दिए गए अपने विवादास्पद बयान पर बुधवार को खेद जताया। घोष के मुख्यमंत्री के संबंध में दिए बयान से विवाद खड़ा हो गया था। बीजेपी ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। घोष को एक कथित वीडियो क्लिप में बनर्जी की पारिवारिक पृष्ठभूमि का मजाक उड़ाते हुए सुना गया था। बीजेपी नेता ने कहा कि उनकी पार्टी और अन्य लोगों को उनके शब्दों के चयन पर आपत्ति है।

बीजेपी ने मेदिनीपुर से निवर्तमान सांसद घोष को इस चुनाव में बर्द्धमान-दुर्गापुर संसदीय क्षेत्र से मैदान में उतारा है। उन्होंने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के नारे 'बांग्ला निजेर मेये के चाय' का मजाक उड़ाया था जिसका अर्थ है 'बंगाल अपनी बेटी को ही चाहता है।' घोष ने मुख्यमंत्री बनर्जी के संदर्भ में कहा, "जब वह गोवा जाती हैं तो कहती हैं कि गोवा की बेटी हैं। त्रिपुरा में वह खुद को त्रिपुरा की बेटी बताती हैं। पहले वह स्पष्ट करें।"

ये भी पढ़ें- चुनाव से पहले महा विकास आघाडी में खींचतान, प्रकाश आंबेडकर MVA के साथ नहीं करेंगे गठबंधन

सुप्रिया ने भी मांगी माफी

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक विवादित पोस्ट की थी। विवाद बढ़ने के बाद श्रीनेत ने अपने सभी सोशल अकाउंट्स से विवादास्पद टिप्पणियों को हटा दिया। उन्होंने यह दावा किया कि विवादास्पद पोस्ट उनके द्वारा नहीं बल्कि किसी और के द्वारा किए गए थे, जिनकी उनके अकाउंट तक पहुंच थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।