Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के शुरुआती दो चरण में सिर्फ 8% महिला उम्मीदवार

Lok Sabha Elections 2024: ओडिशा में सत्ताधारी बीजू जनता दल (BJD) एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो महिला उम्मीदवारों को नीतिगत तौर पर 33 प्रतिशत टिकट देती है। BJD के बीजू महिला दल की राज्य इकाई की उपाध्यक्ष मीरा परिदा ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया

अपडेटेड Apr 29, 2024 पर 6:23 PM
Lok Sabha Elections 2024: यह रिपोर्ट देखने के बाद महिलाओं को सशक्त बनाने की बातें खोखली लगती हैं

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के शुरुआती दो चरण के दौरान चुनावी मैदान में उतरे कुल 2,823 उम्मीदवारों में से सिर्फ 8 फीसदी महिलाएं थीं। राजनीतिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह आंकड़ा जेंडर आधार पर पूर्वाग्रह की गंभीर समस्या को दर्शाता है। साथ ही यह रिपोर्ट देखने के बाद महिलाओं को सशक्त बनाने की बातें खोखली लगती हैं। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 135 महिला उम्मीदवार थीं। जबकि दूसरे चरण में 100 महिला उम्मीदवार थीं यानी शुरुआती दो चरण में कुल मिलाकर 235 महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरीं।

शीर्ष पर तमिलनाडु

पीटीआई के मुताबिक, पहले चरण में महिला उम्मीदवारों की संख्या के मामले में तमिलनाडु शीर्ष पर रहा। राज्य में पहले चरण में 76 महिला उम्मीदवार थीं, लेकिन राज्य के कुल उम्मीदवारों में उनकी हिस्सेदारी केवल 8 प्रतिशत थी। जबकि दूसरे चरण में सबसे अधिक 24 महिला उम्मीदवार केरल से चुनावी मैदान में उतरीं।


किस पार्टी की कितनी महिला उम्मीदवार?

पार्टी-वार देखा जाए तो शुरुआती दो चरण में कांग्रेस ने 44 महिलाओं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 69 महिलाओं को मैदान में उतारा। इस जेंडर असंतुलन की राजनीतिक विश्लेषकों और कार्यकर्ताओं ने आलोचना की। उनका सवाल है कि दल महिलाओं को अग्रसक्रिय तरीके से टिकट देने के बजाय महिला आरक्षण विधेयक के लागू होने का इंतजार क्यों कर रहे हैं।

दिल्ली यूनिवर्सिटी के जीसस एंड मैरी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुशीला रामास्वामी ने कहा कि राजनीतिक दलों को महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा, "राजनीति दलों को अधिक अग्रसक्रिय होना चाहिए था और अधिक महिला उम्मीदवारों को खड़ा करना चाहिए था।"

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. इफ्तिखार अहमद अंसारी ने कहा कि भारत के कुल मतदाताओं में लगभग आधी संख्या महिलाओं की है, ऐसे में उम्मीदवारों के रूप में उनका कम प्रतिनिधित्व राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं की पूर्ण भागीदारी को रोकने वाली बाधाओं को लेकर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने प्रतीकात्मक कदम उठाने और वादे करने के बजाय राजनीति में महिलाओं के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की खातिर संरचनात्मक सुधारों के महत्व पर जोर दिया और लैंगिक विविधता को बढ़ावा देने में पार्टी नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

सिर्फ BJD देती है 33% टिकट

ओडिशा में सत्ताधारी बीजू जनता दल (BJD) एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो महिला उम्मीदवारों को नीतिगत तौर पर 33 प्रतिशत टिकट देती है। BJD के बीजू महिला दल की राज्य इकाई की उपाध्यक्ष मीरा परिदा ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित करने की अपनी पार्टी की पहल की सराहना की।

उन्होंने व्यापक सुधारों की वकालत करते हुए कहा, "केवल सीट आरक्षित करना पर्याप्त नहीं है। हमें एक सांस्कृतिक बदलाव की जरूरत है जिसमें महिलाओं को नेता और निर्णय लेने वालों के रूप में देखा जाए।"

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Election 2024 Highlights: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और स्मृति ईरानी ने दाखिल किया नामांकन, कांग्रेस के साथ इंदौर में भी सूरत जैसा खेला

लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 7 चरणों में हो रहे हैं। दुनिया की सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रिया के लिए मतगणना 4 जून को होगी। दूसरा चरण के तहत 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। जबकि अन्य चरणों के तहत चुनाव 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और 7 जून को होना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।