Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार (19 अप्रैल) को देश भर में 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 102 सीटों पर मतदान जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का अनुरोध किया है। उन्होंने खासतौर से युवा और पहली बार मतदान कर रहे मतदाताओं से बड़ी संख्या में वोट करने का आह्वान किया। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। निर्वाचन आयोग ने 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर 18 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया है। इन मतदान केंद्रों पर 16.63 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे।
मतदाताओं में 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं हैं और 11,371 लोग थर्ड जेंडर के हैं। 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं। इसके साथ ही 20 से 29 वर्ष के आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा मतदाता हैं। मतदान शुरू होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मतदाताओं से सावधानीपूर्वक मतदान करने का अनुरोध किया और कहा कि आर्थिक सशक्तीकरण तथा समान अवसरों का एक नया युग उनका स्वागत कर रहा है।
वहीं, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने और नफरत को हराकर देश के हर कोने में 'मोहब्बत की दुकान' खोलने का अनुरोध किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोगों से ऐसा मजबूत और निर्णायक नेतृत्व चुनने की अपील की जिसने देश को भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण से मुक्त कराने का दृढ़ संकल्प दिखाया हो।
पोलिंग बूथ पर सबसे पहले क्या करें?
1. सबसे पहले मतदाता सूची में अपना नाम और पोलिंग बूथ के बारे में पता करना है। मतदाता चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर ऐसा कर सकते हैं।
2. मतदान के लिए निकलने से पहले अपने संबंधित मतदान केंद्र पर वोटिंग के समय की जांच करना महत्वपूर्ण है।
3. अपना मतदाता पहचान पत्र और अन्य अतिरिक्त पहचान पत्र जैसे आधार, ड्राइविंग लाइसेंस आदि अपने साथ रखें।
4. वोट देने के लिए निकलने से पहले अपने निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के बारे में डिटेल्स जानें।
5. अपना वोट डालने के बाद EVM से जुड़े VVPAT मशीन के आउटपुट को सत्यापित करें। एक मतदाता के रूप में किसी को उस उम्मीदवार/पार्टी का खुलासा नहीं करना चाहिए जिसके पक्ष में वोट डाला गया है।
1. मतदान केंद्र में अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।
2. वोट डालते समय कैमरे का इस्तेमाल न करें या सेल्फी न लें क्योंकि इससे परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
3. किसी अन्य मतदाता का वोट डालना एक गंभीर अपराध है इसलिए ऐसा करने से बचना चाहिए।
4. मतदाता केंद्र पर ऐसी कोई भी चीज न ले जाएं जो किसी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के प्रतीक की ओर इशारा करती हो। यह पता लगाने की कोशिश न करें कि किसी व्यक्ति ने किसे वोट दिया है या वोट देने की योजना बना रहा है।
5. मतदाता पहचान पत्र लाना न भूलें और मतदान करते समय एक से अधिक बटन दबाने की कोशिश न करें।