Lok Sabha Election Result 2024: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने सोमवार (3 जून) को कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि लोकसभा चुनाव के असल परिणाम एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) के अनुमान से बिल्कुल विपरीत होंगे। सोनिया ने पीटीआई से कहा, "हमें प्रतीक्षा करनी होगी। बस, इंतजार कीजिए और देखिए।" उन्होंने कहा, "हमें पूरी उम्मीद है कि एग्जिट पोल में जो दिखाया जा रहा है, नतीजे उसके बिल्कुल विपरीत होंगे।" पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से सवाल किया गया था कि 4 जून को घोषित होने जा रहे नतीजों से उन्हें क्या उम्मीद है?
उन्होंने यह टिप्पणी DMK कार्यालय में तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि को उनकी 100वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद की। अधिकतर 'एग्जिट पोल' में लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को प्रचंड बहुमत मिलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। अधिकतर सर्वेक्षणों में NDA को 350 से अधिक सीट मिलने की संभावना जताई गई है। अगर असल परिणाम भी एग्जिट पोल के अनुमान के मुताबिक रहते हैं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगाता तीसरी बार बड़े बहुमत के साथ सत्ता संभालेंगे।
कांग्रेस और I.N.D.I.A. गठबंधन के अन्य घटक दलों ने एग्जिट पोल को खारिज कर दिया है और दावा किया है कि विपक्षी गठबंधन अगली सरकार बनाएगा। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा था, "इसे एग्जिट पोल नहीं कहा जाता है बल्कि इसका नाम 'मोदी मीडिया पोल' है। यह मोदी जी का पोल है, यह उनका 'फैंटेसी पोल' है।"
कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि I.N.D.I.A. गठबंधन 295 से अधिक सीटें जीतेगा और सरकार बनाएगा। करुणानिधि की 100वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सोनिया गांधी ने कहा, "डॉ कलैंग्नार करुणानिधि की 100वीं जयंती के शुभ अवसर पर द्रमुक के अपने सहयोगियों के साथ यहां आना मेरे लिए खुशी की बात है।"
उनका कहना था, "मुझे कई मौकों पर उनसे मिलने, उनकी बातें सुनने और उनकी ज्ञान भरी बातों और सलाह से लाभ उठाने का सौभाग्य मिला। मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं कि मैं उनसे मिली थी।"
अधिकांश एग्जिट पोल नतीजों ने लोकसभा चुनाव 2024 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) की शानदार जीत की भविष्यवाणी की है, जो 2019 के रिकॉर्ड से बेहतर है, जब भगवा पार्टी ने 352 सीटें जीती थीं। दो पोल ने भविष्यवाणी की है कि बीजेपी 2019 के लोकसभा चुनावों में जीती गई 303 सीटों से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी, जबकि कुछ पोलस्टर्स ने दावा किया है कि NDA लोकसभा में 400 सीटों को पार कर जाएगी।
इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने 543 सदस्यीय लोकसभा में BJP-NDA के लिए 361-401 सीटें और विपक्षी I.N.D.I.A. ब्लॉक के लिए 131-166 सीटें भविष्यवाणी की है। वहीं, एबीपी-सी वोटर ने सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए 353-383 सीटें और I.N.D.I.A. ब्लॉक के लिए 152-182 सीटें भविष्यवाणी की है।
टुडेज चाणक्य ने 2019 के चुनावों की तुलना में BJP और उसके गठबंधन के लिए बहुत अधिक संख्या बताई। इसने भविष्यवाणी की है BJP को 335 सीटें और एनडीए को 400 सीटें मिल सकती हैं। इसने विपक्षी गठबंधन को 107 सीटें दीं, जबकि इसकी संख्या 11 सीटों से ऊपर या नीचे जाने की संभावना है।
बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में अपने गठबंधन के लिए '400 पार' का नारा दिया था। अगर एग्जिट पोल सही साबित होते हैं, तो पीएम मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे, जिन्होंने अपनी पार्टी को लगातार तीसरी बार चुनावों में जीत दिलाई थी। टाइम्स नाउ-ईटीजी रिसर्च के एग्जिट पोल ने एनडीए और I.N.D.I.A. ब्लॉक को क्रमशः 358 और 152 सीटें दी हैं।