Lok Sabha Elections 2024: भोजपुरी सिंगर और एक्टर पवन सिंह (Pawan Singh) ने अपने पुराने बयान से यू-टर्न ले लिया है और अब चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। खबर है कि वे आरा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। पवन को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल के आसानसोल से उम्मीदवार बनाया था। पार्टी ने लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections) के लिए अपनी पहली लिस्ट में उनके नाम का ऐलान किया था, लेकिन इसके अगले ही दिन उन्होंने चुनाव लड़ने से माना कर दिया था।
अब बुधवार को पवन सिंह ने X पर एक पोस्ट कर चुनाव लड़ने के घोषणा कर दी है। उन्होंने लिखा, "मैं अपने समाज जनता जनार्दन और मां से किया हुआ वादा पूरा करने के लिए चुनाव लड़ूंगा । आप सभी का आशीर्वाद और सहयोग अपेक्षित है। जय माता दी।"
इससे पहले ये साफ नहीं था कि वो किस सीट से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, BJP ने उनके चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद इस सीट से फिलहाल किसी और के नाम की घोषणा नहीं की है।
राजनीतिक हल्कों में खबर तो ये भी है कि पवन सिंह पार्टी भी बदल सकते हैं। News18 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पवन सिंह बीजेपी छोड़कर किसी दूसरे दल से भी लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections 2024) लड़ सकते हैं। वहीं उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने की भी जानकारी मिल रही है।
पहले क्यों चुनाव लड़ने से किया इनकार?
BJP ने आम चुनाव के लिए 2 मार्च को उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी की थी, जिसमें 195 सीटों पर उम्मीदवार के नाम का ऐलान किया गया था।
इसी लिस्ट में ही पश्चिम बंगाल की आसानसोल संसदीय सीट से भगवा पार्टी ने पवन सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था। नाम ऐलान के बाद पवन सिंह को अपने दोस्तों के साथ जश्न मनाते हुए भी देखे गया था, लेकिन इसके अगले ही दिन उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से मना कर दिया था।
पवन ने 3 मार्च को X पर एक पोस्ट में लिखा, "भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दिल से आभार प्रकट करता हूं। पार्टी ने मुझ पर विश्वास करके आसनसोल का उम्मीदवार घोषित किया, लेकिन किसी कारण वश में आसनसोल से चुनाव नहीं लड़ पाऊंगा।"
इसके बाद पवन सिंह ने दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी। चर्चा है कि पवन सिंह बिहार से ही चुनाव लड़ना चाहते हैं और उन्होंने अपनी ये इच्छा नड्डा को भी बता दी थी। इसी कड़ी में उन्होंने मंगलवार को बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और BJP नेता मंगल पांडेय से भी मुलाकात की थी।