Lok Sabha Elections 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार को लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections) के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी। लिस्ट में 72 नाम शामिल हैं, जिसमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, अनुराग सिंह ठाकुर, प्रल्हाद जोशी और पीयूष गोयल जैसे प्रमुख नाम हैं। अनुराग सिंह ठाकुर को हिमाचल प्रदेश की हमीपुर सीट से, गडकरी को नागपुर से, प्रल्हाद जोशी को धारवाड़ से, पीयूष गोयल को मुंबई उत्तर से, राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे को बेंगलुरु उत्तर से, तेजस्वी सूर्या को बेंगलुरु दक्षिण से और त्रिवेन्द्र सिंह रावत को हरिद्वार से टिकट दिया गया है।
इस हफ्ते की शुरुआत में हरियाणा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले मनोहर लाल खट्टर करनाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। BJP की केंद्रीय चुनाव समिति ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों पर निर्णय लेने के लिए सोमवार को अपनी दूसरी बैठक की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत इसके वरिष्ठ नेताओं ने दूसरी लिस्ट के उम्मीदवारों के नाम पर मोहर लगाई।
गड़करी एक बार फिर नागपुर से चुनाव लड़ेंगे जबकि गोयल मुंबई (उत्तर) से पहली बार लोकसभा चुनाव मैदान में उतरेंगे। खट्टर को हरियाणा के करनाल से और बोम्मई को हावेरी से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर एक बार फिर हमीरपुर से, प्रह्लाद जोशी कर्नाटक के धारवाड़ से, भगवंत खूबा महाराष्ट्र के बीदर और भारती प्रवीण पवार डिंडोरी से मैदान में होंगे। भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के दामाद सी एन मंजूनाथ को बेंगलुरु ग्रामीण लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है जहां उनका मुकाबला कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के भाई डी के सुरेश से होगा।
पार्टी ने पूर्वी दिल्ली से गौतम गंभीर की जगह हर्ष मल्होत्रा और उत्तर पश्चिम दिल्ली से हंसराज हंस की जगह योगेंद्र चंदौलिया को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने इससे पहले, दिल्ली की पांच में से चार सीट पर मौजूदा सांसदों के टिकट काट दिए थे और सिर्फ मनोज तिवारी को दोबारा उत्तर पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार बनाया था।