Chunavi Chaupal: 'मोदी का परिवार' लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष की फिर हुई फजीहत, PM पर निजी हमला बन गया BJP का चुनावी अभियान
#ChunaviChaupal: एक बार फिर विपक्ष ने अपनी फजीहत करा ली। लालू का PM मोदी पर परिवार न होने वाला बयान अब बैक फायर कर गया और BJP ने लोकसभा चुनाव के लिए इसे एक अभियान की तरह बना दिया, आज के चुनावी चौपाल में इस पर पूरे मामले पर करेंगे चर्चा साथ ही जानेंगे राजनीतिक गलियारे की दूसरी बड़ी खबरें...
Chunavi Chaupal: 'मोदी का परिवार' लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष की फिर हुई फजीहत, PM पर निजी हमला बन गया BJP का चुनावी अभियान
Lok Sabha Elections 2024: 'मोदी का परिवार' (Modi Ka Parivar) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के एक बयान पर ऐसा पलटवार किया कि पूरी BJP ने उसे अब लोकसभा चुनाव के लिए अपना अभियान बना लिया है। लालू ने रविवार को पीएम मोदी पर व्यक्तिगत रूप से कटाक्ष करते हुए कहा था कि उनका कोई बच्चा या परिवार नहीं है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने रविवार को पटना में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष किया था।
उन्होंने कहा था, "अगर नरेंद्र मोदी के पास अपना परिवार नहीं है, तो हम क्या कर सकते हैं। वह राम मंदिर के बारे में डींगें मारते रहते हैं। वह सच्चे हिंदू भी नहीं हैं। हिंदू परंपरा में बेटे को अपने माता-पिता के निधन पर अपना सिर और दाढ़ी मुंडवानी चाहिए। जब मोदी की मां की मृत्यु हुई तो उन्होंने ऐसा नहीं किया।”
प्रधानमंत्री मोदी ने लालू के इस आरोप पर सोमवार को पलटवार किया और कहा कि भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण में आकंठ डूबे ‘इंडी गठबंधन’ के नेता बौखलाते जा रहे हैं।
मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार बताया
उन्होंने हुए, "अब इन्होंने 2024 के चुनाव का अपना असली घोषणा पत्र निकाला है। मैं इनके परिवारवाद पर सवाल उठाता हूं तो इन लोगों ने अब बोलना शुरू कर दिया है कि मोदी का कोई परिवार नही है। कल ये ऐसा भी कह सकते हैं कि तुम्हें कभी जेल की सजा नहीं हुई इसलिए तुम राजनीति में भी नहीं आ सकते।"
मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार बताया और कहा कि जिसका कोई नहीं है, वह भी मोदी के हैं और मोदी उनका है।
इधर पीएम मोदी ने ये बात कही और उधर बीजेपी ने इसे एक अभियान का रूप दे दिया। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई दिग्गज नेताओं ने X पर अपने नाम के आगे लिख डाला 'मोदी का परिवार'। साफ है कि BJP इस लोकसभा चुनाव में इस अभियान को काफी अच्छे से भुनाएगी।
दिल्ली में महिलाओं हर महीने मिलेंगे 1000 रुपए
उधर दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार ने राज्य विधानसभा में वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 76,000 करोड़ रुपए का बजट पेश किया.. लोकसभा चुनाव से पहले पेश किए गए इस बजट में अरविंद केजरीवाल सरकार ने ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ जिसके तहत 18 साल और इससे ज्यादा उम्र की सभी महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए दिए जाएंगे।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ महिला सशक्तीकरण की दिशा में उठाया गया शायद विश्व का सबसे बड़ा कदम है। इस योजना के तहत प्रत्येक वयस्क महिला को 1,000 रुपये प्रति माह दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना, महिला सशक्तीकरण के लिए शायद विश्व का सबसे बड़ा कार्यक्रम है। हम लोकसभा चुनावों के बाद इसे लागू करेंगे।"
योजना के लिए 2000 करोड़ का बजट
मुख्यमंत्री ने कहा, "दिल्ली में करीब 67 लाख महिला मतदाता हैं। आयकर भुगतान करने वाली महिलाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाली महिलाओं को इसके दायरे से बाहर कर सकते हैं। मुझे लगता है कि इससे (योजना से) करीब 45 से 50 लाख महिलाओं को फायदा होगा।"
AAP सरकार इस योजना को पंजाब में लागू कर चुकी है। 'मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना’ के लिए 2,000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी ने बताया कि इस योजान का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा, जो दिल्ली की मतदाता हों। ये महिलाएं किसी और योजना का लाभ न उठा रही हों और टैक्सपेयर भी हों।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब की तरह इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की कोई प्रक्रिया या पोर्टल नहीं होगा। यह योजना केवल ऑफलाइन मोड के जरिए उपलब्ध हो सकती है।
ये तो साफ है कि AAP ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस योजना का ऐलान किया है। इस साल जनवरी में आई दिल्ली की फाइनल वोटर लिस्ट पर अगर एक नजर डाली जाए, तो राष्ट्रीय राजधानी में 67,30,371 महिला मतदाता हैं। अब आप समझ सकते हैं कि इस योजना से महिलाओं और AAP दोनों को ही कैसे फायदा होगा।
बाराबंकी से BJP सांसद ने नाम लिया वापस
आज BJP को एक और झटका लगा है, जैसे भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने आसनसोल सीट से नाम ऐलान किए जाने के बाद चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था, ठीक उसी तरह बाराबंकी से बीजेपी के मौजूदा सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने भी चुनाव न लड़ने की घोषणा की है। हालांकि, रावत के चुनाव न लड़ने के ऐलान के पीछे कारण गंभीर है।
सांसद का अश्लील MMS वायरल
दरअसल हुआ ये कि BJP ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपने 195 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी, जिसमें उपेंद्र सिंह रावत को बाराबंकी सीट से दोबारा टिकट दिया गया। बीजेपी की इस घोषणा के अगले ही दिन उनका कथित MMS वायरल हो गया।
बताया जा रहा है कि इस वीडियो में BJP सांसद विदेशी महिला के साथ आपत्तजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं..हालांकि, Moneycontrol Hindi इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वहीं सांसद उपेंद्र रावत ने इसके खिलाफ FIR भी दर्ज करा दी है..उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर लिखा, "मेरा एक एडिटेड वीडियो वायरल किया जा रहा है, जो डीप फेक AI तकनीक से बनाया गया है, जिसकी FIR मैंने दर्ज करा दी है। इसके संदर्भ में मैंने राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से निवेदन किया है कि इसकी जांच करवायी जाये। जब तक मैं निर्दोष साबित नहीं होता सार्वजनिक जीवन में कोई चुनाव नहीं लड़ूंगा।"
पंजाब विधानसभा में हाई वॉल्टेज ड्रामा
वहीं पंजाब विधानसभा में आज हाई वॉल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जब मुख्यमंत्री भगवंत मान की कांग्रेस विधायक और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा के साथ तीखी बहस हुई। ये बहस 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर हुई।
विधानसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजवा पार्टी नेतृत्व यानि सोनिया और राहुल गांधी से कहें कि वो AAP को दिल्ली, हरियाणा या गुजरात में भी लोकसभा सीटें देने की जहमत न उठाएं।
राहुल, सोनिया का नाम लेकर भड़के भगवंत मान
मान ने कहा, “राहुल गांधी और सोनिया गांधी किसके साथ बैठते हैं? मेरे साथ। क्या आप कभी उनके साथ बैठे हैं? एक तरफ आप हमारे साथ समझौता कर रहे हैं। जाओ और उनसे कहो कि वे हमारे लिए कुरूक्षेत्र, दिल्ली और गुजरात में सीटें न दें।"
इससे पहले, आम आदमी पार्टी (AAP) ने घोषणा की थी कि वो पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों के साथ-साथ चंडीगढ़ सीट पर भी अकेले चुनाव लड़ेगी। जबिक दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में उसने कांग्रेस के साथ गठबंधन किया है।
RLD ने दो सीटों पर उतारे उम्मीदवार
इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) से हाल ही में नाता तोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल हुए राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने सोमवार को लोकसभा की दो सीट और विधान परिषद के आगामी चुनावों के लिए एक सीट पर अपना दावा जताते हुए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।
RLD की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपने हैंडल से डाले गए मैसेज में बताया कि पार्टी ने बिजनौर लोकसभा सीट से चंदन चौहान को और बागपत सीट से राजकुमार सांगवान को उम्मीदवार बनाया है।