Lok Sabha Elections 2024: गहलोत और कमलनाथ के बेटों को मिला लोकसभा चुनाव का टिकट, कांग्रेस ने 43 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट की जारी

Lok Sabha Elections 2024: दूसरे लिस्ट के मुताबिक, लोकसभा में कांग्रेस (Congress) के उपनेता गौरव गोगोई असम के जोरहाट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि कमल नाथ के बेटे नकुल नाथ को दूसरी बार मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से मैदान में उतारा गया है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत के बेटे वैभव गेहलोत जालौर से चुनाव लड़ेंगे

अपडेटेड Mar 12, 2024 पर 7:57 PM
Lok Sabha Elections 2024: गहलोत और कमलनाथ के बेटों को मिला लोकसभा चुनाव का टिकट

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस (Congress) ने मंगलवार को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 43 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी लिस्ट (Candidates Second List) जारी कर दी। कांग्रेस ने दूसरी लिस्ट में असम, गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान की लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा, "हमने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट पहले ही घोषित कर दी है। आज, हम दूसरी लिस्ट की घोषणा करने जा रहे हैं। कल, CEC ने बैठक की और असम, मध्य प्रदेश और राजस्थान से लगभग 43 नामों को मंजूरी दे दी।"

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया, "कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई असम के जोरहाट से चुनाव लड़ेंगे। नकुल नाथ मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे। राहुल कास्वां राजस्थान के चुरू से चुनाव लड़ेंगे। वैभव गहलोत जालौर से चुनाव लड़ेंगे।"

वैभव गहलोत राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे है। नकुल नाथ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के बेटे हैं। जबकि राहुल कस्वां हाल ही में BJP छोड़ कर कांग्रेस में आए हैं। कास्वां चुरू से मौजूदा सांसद हैं, लेकिन BJP ने इस बार उनका टिकट काट दिया।


कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में जातीय समीकरण

कांग्रेस उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट में 10 उम्मीदवार सामान्य वर्ग और 33 प्रत्याशी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, और अल्पसंख्यक समुदायों से हैं।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल का कहना है, "इस लिस्ट में 43 उम्मीदवारों में से 10 जनरल, 13 OBC उम्मीदवार, 10 SC उम्मीदवार, 9 ST उम्मीदवार और 1 मुस्लिम उम्मीदवार हैं।"

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के मद्देनजर राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के लिए सोमवार को 60 से ज्यादा उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की थी, जिनमें करीब 43 पर मुहर लगाई थी।

कांग्रेस की पहली लिस्ट में थे 39 नाम

कांग्रेस ने इससे पहले पिछले शुक्रवार को 39 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी, जिसमें सबसे प्रमुख नाम पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का था। उन्हें एक बार फिर से केरल की वायनाड सीट से प्रत्याशी बनाया गया है।

कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में 15 उम्मीदवार सामान्य वर्ग और 24 अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदायों के थे।

Electoral Bonds: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद SBI ने चुनावी बॉन्ड का डेटा चुनाव आयोग को सौंपा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।