Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस (Congress) और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) नेतृत्व दोनों ने अंतिम रूप दिया है और सहमति जताई है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसका मतलब यह है कि समाजवादी पार्टी इन 17 सीटों पर कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी। इन17 सीटों में एक रायबरेली भी है, जिससे एक बार फिर से अटकलें तेज हो गई हैं कि प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी मां सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने के बाद रायबरेली से चुनावी मैदान में उतरेंगी। रायबरेली कांग्रेस का गढ़ है, जिसे पार्टी खोना नहीं चाहेगी। साथ वो भी ये चाहती होगी कि वहां कोई सपा उम्मीदवार न हो।
गठबंधन की आधिकारिक घोषणा समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस (Congress) के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने एक ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में की। पांडे ने कहा कि कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि राज्य की बाकी 63 सीटों पर सपा और गठबंधन के दूसरे सहयोगी दलों के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
इन 17 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस गठबंधन को अंजाम तक पहुंचने में बहुत अहम भूमिका अदा की है। वह उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराने के लिए सभी पार्टियों को एक साथ लाने का जो प्रयास कर रही हैं, इसके लिए वह उनका आभार प्रकट करते हैं।
यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की सूची कब तक जारी करेगी, पांडे ने कहा कि पार्टी नेतृत्व विचार विमर्श के बाद इसे जल्द ही जारी करेगा।
रायबरेली और अमेठी से कांग्रेस पार्टी किसे अपना उम्मीदवार बनाएगी इस सवाल के जवाब में पांडे ने कहा,‘‘ यह दोनों सीट पार्टी के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है, ये सीट गांधी परिवार के काफी नजदीक रहीं हैं। गांधी परिवार इसे अपना घर मानता हैं। अभी इस बाबत फैसला नहीं हुआ हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता ही निर्णय लेंगे कि यहां (रायबरेली, अमेठी) से कौन लड़ेगा।’’
रायबरेली सीट से पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी चुनाव जीती थीं। लेकिन इस बार खराब स्वास्थ्य के कारण वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रही हैं। वह राज्यसभा के जरिए संसद में जा रही हैं।