BJP उम्मीदवार कंगना रनौत ने दलाई लामा से की मुलाकात, कांग्रेस पर लगाया महिलाओं का अपमान करने का आरोप

Himachal Lok Sabha Elections 2024: कंगना रनौत ने कांग्रेस पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। एक्ट्रेस ने दावा किया कि उनकी पार्टी के किसी नेता ने कभी इस तरह का कोई कृत्य नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आंबेडकर और सुभाष चंद्र बोस, वीडी सावरकर और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे देशभक्तों को उचित सम्मान नहीं दिया

अपडेटेड Apr 15, 2024 पर 5:43 PM
Himachal Lok Sabha Elections 2024: कंगना का मुकाबला हिमाचल सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह से है

Himachal Pradesh Lok Sabha Elections 2024: बॉलीवुड एक्ट्रेस और हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उम्मीदवार कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने सोमवार सुबह धर्मशाला में तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा (Dalai Lama) से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता जयराम ठाकुर भी उनके साथ थे। मुलाकात के बाद कंगना ने अपना चुनाव अभियान जारी रखा और चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र की यात्रा की।

मुलाकात के बाद रनौत ने पत्रकारों से कहा, "दलाई लामा से मिलना एक अद्भुत अनुभव है। यह एक ऐसा अनुभव है जिसे मैं जीवन भर याद रखूंगी।" हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच बेहद करीबी मुकाबला हो सकता है। यहां कंगना का मुकाबला प्रदेश सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह से है।

कांग्रेस पर लगाया महिलाओं का अपमान करना का आरोप


कंगना रनौत ने कांग्रेस पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। एक्ट्रेस ने दावा किया कि उनकी पार्टी के किसी नेता ने कभी इस तरह का कोई कृत्य नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भारतीय संविधान के निर्माता बी आर आंबेडकर और सुभाष चंद्र बोस, वीडी सावरकर और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे देशभक्तों को उचित सम्मान नहीं दिया। मंडी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह ने बीजेपी पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि रनौत को सिखाया जा रहा है और वह तथ्यों पर ध्यान दिए बिना बोल रही हैं।

हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सिंह ने कहा कि अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और झूठे आरोप लगाने से लोगों का दिल नहीं जीता जा सकता। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार रनौत से मंडी निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपना दृष्टिकोण बताने को कहा।

रनौत ने सिराज और बंजार विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए कहा, "उनकी (कांग्रेस नेताओं की) मानसिकता ऐसी है कि वे मेरा, (BJP सांसद) हेमा मालिनी, जयाप्रदा और अन्य महिलाओं का अपमान करते हैं, चाहे उनकी उम्र या वैवाहिक स्थिति कुछ भी हो। हमें हैरानी होती है कि वे कितना नीचे गिर सकते हैं।"

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत के एक खाते से रनौत के खिलाफ एक विवादित टिप्पणी पोस्ट की गई थी। इस पोस्ट पर विवाद होने के बाद श्रीनेत ने इस टिप्पणी को अपने सोशल मीडिया खाते को हटा दिया था। उन्होंने दावा किया था कि ये टिप्पणियों उन्होंने नहीं, बल्कि किसी और ने उनके खाते से पोस्ट कीं।

ये भी पढ़ें- '10 साल का काम तो सिर्फ ट्रेलर है', केरल में कांग्रेस और लेफ्ट पर बरसे PM मोदी, राहुल ने वायनाड में किया मेगा रोड शो

रनौत ने दावा किया कि किसी भी भाजपा नेता ने महिलाओं के लिए कभी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया और उन्होंने महिलाओं के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की विभिन्न पहलों को सूचीबद्ध किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।