Modi Ka Parivar: BJP नेताओं ने नाम के आगे लिखा 'मोदी का परिवार', लालू के तंज पर PM ने पूरे भारत को बताया अपना परिवार

Lok Sabha Elections 2024: लालू प्रसाद यादव ने रविवार को पटना में एक रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार को लेकर एक बयान दिया, जिसके बाद PM मोदी ने पलटवार करते हुए कहा कि मेरा भारत-मेरा परिवार है। उनके इस बयान के बाद ही बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने X पर अपने नाम के आगे 'मोदी का परिवार' लिखा लिया। बीजेपी अब इसे लोकसभा चुनाव में भुनाने की तैयारी कर रही है

अपडेटेड Mar 04, 2024 पर 3:05 PM
Lok Sabha Elections 2024: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने PM मोदी के साथ एकजुटता दिखाते हुए अपना बायो बदल लिया

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने एक बड़ा दांव खेल दिया है। इसे लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के परिवारवाद वाली टिप्पणी पलटवार भी कहा जा सकता है। RJD प्रमुख लालू यादव के 'परिवारवाद' वाले तंज के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत पार्टी के दूसरे नेताओं ने PM नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के साथ एकजुटता दिखाते हुए अपना बायो बदल लिया। इन सभी नेताओं X पर अपने नाम के आगे 'मोदी का परिवार' (Modi Ka Parivar) लिख दिया है।

दरअसल बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रविवार को आयोजित ‘जनविश्वास महारैली’ के दौरान परिवारवाद की राजनीति पर प्रधानमंत्री मोदी की हालिया टिप्पणियों को लेकर लालू प्रसाद यादव ने उन पर निशाना साधा था।


RJD सुप्रीमो ने कहा, "अगर नरेंद्र मोदी के पास अपना परिवार नहीं है, तो हम क्या कर सकते हैं। वह राम मंदिर के बारे में डींगें हांकते रहते हैं। वह एक सच्चे हिंदू भी नहीं हैं। हिंदू परंपरा में एक बेटे को अपने माता-पिता के निधन पर अपना सिर और दाढ़ी मुंडवानी चाहिए। मोदी ने तब ऐसा नहीं किया जब उनकी मां की मृत्यु हो गई।"

'जिसका कोई नहीं है वो भी मोदी के हैं और मोदी उनका है'

वहीं इस पर सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी ने तेलंगाना में अपनी एक रैली में पलटवार किया। उन्होंने कहा, "भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण में आकंठ डूबे ।NDI गठबंधन के नेता बौखलाते जा रहे हैं। मैं इनके परिवारवाद पर सवाल उठाता हूं, तो इन लोगों ने अब बोलना शुरू कर दिया है कि मोदी का कोई परिवार नहीं है।"

मोदी ने आगे कहा, "देश के सभी लोग मुझे अपना मानते हैं, मेरे अपने परिवार की तरह हैं। इसलिए मैं इनसे कहना चाहता हूं कि 140 करोड़ देशवासी ही मेरा परिवार है, जिसका कोई नहीं है वो भी मोदी के हैं और मोदी उनका है। मेरा भारत-मेरा परिवार है।"

प्रधानमंत्री ने कहा, "मेरी जिंदगी एक खुली किताब की तरह है! मेरे देश के लोग मुझे बहुत अच्छे से जानते और समझते हैं। देश मेरे हर पल का हिसाब रखता है। लाखों लोगों ने मुझसे कहा है कि इतना काम मत करो, थोड़ा आराम करो। लेकिन, मैं नहीं रुकूंगा... मैंने एक सपना लेकर अपना घर छोड़ा था और वो था हर पल आपके लिए समर्पित करना। मैं इस प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा कि मैं अपने लिए कोई सपना नहीं देखूंगा...बल्कि आपके सपने ही मेरा संकल्प होंगे!"

मोदी ने आगे कहा, "मैं जिंदगी खपा दूंगा, आपके सपने पूरे करने के लिए, और आपके बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए..."

'BRS और कांग्रेस एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं', तेलंगाना में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।