Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुरुवार को लोकसभा चुनाव से पहले डिजिटल माध्यम से मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में 17,551 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 'विकसित भारत, विकसित मध्य प्रदेश' कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सिंचाई, बिजली, सड़क, रेल, जल आपूर्ति, कोयला और उद्योग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी एवं राष्ट्र को समर्पित किया।
पीएम मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित मध्य प्रदेश में 'साइबर तहसील' परियोजना की भी शुरुआत की। साथ ही उन्होंने उज्जैन शहर में भारतीय 'पंचांग' या समय गणना सिस्टम पर आधारित दुनिया की पहली 'विक्रमादित्य वैदिक घड़ी' का भी उद्घाटन किया।
इस दौरान अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों को एक साथ लगभग 17 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं मिली हैं। ये परियोजनाएं MP के लोगों का जीवन आसान बनाएंगी, यहां निवेश और नौकरियों के नए अवसर बनाएंगी। इन परियोजनाओं के लिए सभी को बहुत-बहुत बधाई।"
'चारों तरफ अबकी बार 400 पार सुनाई दे रही'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश की जनता ने 'अबकी बार, 400 पार' का नारा बुलंद कर दिया है। उन्होंने कहा, "आज चारों तरफ एक ही बात सुनाई देती है। अबकी बार 400 पार! पहली बार ऐसा हुआ है जब जनता ने खुद अपनी प्रिय सरकार की वापसी के लिए ऐसा नारा बुलंद कर दिया है। ये नारा भाजपा ने नहीं, बल्कि देश की जनता-जनार्दन का दिया हुआ है। मोदी की गारंटी पर देश का इतना विश्वास भाव-विभोर करने वाला है।..हम तीसरी बार में देश को तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए चुनाव में उतर रहे हैं।"
पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस की सरकारों ने तो मैन्युफेक्चरिंग की हमारी पारंपरिक ताकत को भी बर्बाद कर दिया था। कुछ साल पहले तक हमारे बाजार और हमारे घर विदेशी खिलौनों से भरे थे। हमने देश में खिलौना बनाने वाले अपने पारंपरिक साथियों को, विश्वकर्मा परिवारों को मदद दी। आज विदेशों से खिलौनों का आयात बहुत कम हो गया है।" उन्होंने कहा, "2014 से पहले के 10 वर्षों में देश के करीब 40 लाख हेक्टेयर भूमि को सूक्ष्म सिंचाई के दायरे में लाया गया था, लेकिन बीते 10 वर्षों में इसका दोगुना करीब 90 लाख हेक्टेयर खेती को सूक्ष्म खेती से जोड़ा गया है। ये दिखाता है, भाजपा सरकार यानी गति भी, प्रगति भी।"
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि मोदी की गारंटी पर देश का इतना विश्वास है कि वह भावविभोर करने वाला है। तीसरी बार सरकार बनाने का सिर्फ लक्ष्य है, ऐसा नहीं है, बल्कि देश को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाने के लिए हम चुनाव में उतर रहे हैं। हमारे लिए सरकार बनाना अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि सरकार बनाना देश बनाने का माध्यम है। 'विकसित भारत, विकसित मध्य प्रदेश' के कार्यक्रम में राजधानी से राज्यपाल मंगु भाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा सहित राज्य के अलग-अलग हिस्सों से लाखों की संख्या में लोग जुड़े थे।