Lok Sabha Elections 2024: वायनाड से ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी, आज आ सकती है कांग्रेस की 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

Lok Sabha Elections 2024: Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस की CEC बैठक में छत्तीसगढ़, दिल्ली, कर्नाटक, तेलांगना, केरल, लक्षद्वीप, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम और मणिपुर की लोकसभा सीटों और उनके उम्मीदवारों के नामों की चर्चा हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और केसी वेणुगोपाल मौजूद रहे

अपडेटेड Mar 08, 2024 पर 6:20 AM
Lok Sabha Elections 2024: वायनाड से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस (Congress) की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने लोकसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को छत्तीसगढ़, केरल और कई दूसरे राज्यों में करीब 40 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई। सूत्रों के मुताबिक इन उम्मीदवारों में केरल की वायनाड (Wayanad) सीट से राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का नाम भी शामिल है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और समिति में शामिल कई दूसरे नेताओं, संबंधित राज्यों के प्रभारी और वरिष्ठ नेताओं ने बैठक में शिरकत की।

खड़गे की अध्यक्षता में हुई CEC की बैठक में विचार-विमर्श के दौरान 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 60 लोकसभा सीटों पर चर्चा की गई। CEC की बैठक में अलग-अलग स्कीनिंग कमेटी की तरफ से भेजे नामों में से उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई जाती है।

इन राज्यों की सीट हुईं फाइनल


बैठक के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, "हमने केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और लक्षद्वीप से सीटें फाइनल कर ली हैं... प्रक्रिया चल रही है, औपचारिक घोषणा जल्द ही की जाएगी।"

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, केरल में कांग्रेस विधायक दल के नेता वी.डी. सतीसन ने कहा कि पार्टी केरल में 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और राज्य में चार सीटों पर उसके सहयोगी दल चुनाव लड़ेंगे।

वायनाड से ही लड़ेंगे राहुल गांधी

सतीसन ने कहा, "CEC ने फैसला कर लिया है कि 16 सीटों पर कौन उम्मीदवार हैं। AICC कल उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी।" सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से दोबारा चुनाव लड़ेंगे।

सूत्रों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राजनंदगांव और पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू को महासमुंद से उम्मीदवार बनाया जा सकता है।

11 मार्च होगी CEC की अगली बैठक

बैठक में दिल्ली, छत्तीसगढ़, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के राज्यों की लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया। दिल्ली के उम्मीदवारों पर फैसला 11 मार्च को होने वाली CEC की अगली बैठक में किया जाएगा।

बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने संवाददाताओं से कहा, "अच्छी चर्चा हुई है। जिन राज्यों को लेकर सीईसी की बैठक हुई, वहां की एक-एक सीट पर चर्चा की गई।"

क्या कांग्रेस के बड़े नेता लड़ेंगे चुनाव?

यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी वायनाड से लड़ेंगे तो पायलट ने कहा, "जो भी निर्णय होगा उस बारे में आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की तरफ से अवगत करा दिया जाएगा।"

बड़े नेताओं के चुनाव लड़ने की संभावना पर पायलट ने कहा, ‘‘जो भी व्यक्ति चुनाव जीतने की स्थिति में है, उसे पार्टी चुनाव लड़ने के लिए आदेश करेगी और वह चुनाव लड़ेगा। लेकिन इस बारे में अंतिम निर्णय CEC लेगी।’’

कांग्रेस ने अभी तक आम चुनाव के लिए किसी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल ही में लोकसभा चुनाव के लिए 195 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है।

चुनावी चौपाल : अमेठी मतलब स्मृति? राहुल नहीं ले पा रहे चुनौती!

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।