Lok Sabha Elections 2024: 'हार का डर है...' राहुल गांधी के 2 लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ने की अटकलों पर स्मृति ईरानी का तंज

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केरल के वायनाड लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद राहुल गांधी के बारे में अटकलें हैं कि वे आगामी लोकसभा चुनाव 2024 अमेठी से भी लड़ सकते हैं। राहुल गांधी साल 2004 से 2019 तक अमेठी से सांसद रहे। लेकिन साल 2019 के चुनाव में वह बीजेपी उम्मीदवार स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे

अपडेटेड Mar 07, 2024 पर 7:39 PM
Lok Sabha Elections 2024: केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को हार का डर सता रहा है

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के आगामी लोकसभा चुनाव में अमेठी (Amethi Parliamentary Constituency) सीट से एक बार फिर चुनाव लड़ने की तैयारी के दावों के बीच, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने गुरुवार को कहा कि ये पार्टी हमारे निर्वाचन क्षेत्र से अपना प्रत्याशी घोषित करने का साहस नहीं जुटा पा रही हैं, उससे जाहिर होता है कि उन्हें हार का डर है। अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है कि उन्हें अमेठी की ताकत का एहसास हो गया है।

मीडियाकर्मियों से राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, "फिलहाल मुझे नहीं पता कि चुनाव कौन लड़ेगा, लेकिन जिस तरह से कांग्रेस के लोग यहां (अमेठी) से उम्मीदवार घोषित करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। ऐसा लगता है कि उन्हें अमेठी की ताकत और हार का डर सता रहा है। यह उनकी हार का स्पष्ट संकेत है।"

निर्वाचन क्षेत्र से अपने जुड़ाव को याद करते हुए ईरानी ने कहा, ''मैं 2014 में अमेठी की राजनीति में आई लेकिन 'नामदारों' से चुनाव हार गई। लेकिन मैं लोगों की सेवा करती रही और बीजेपी ने 2019 में मुझे एक और मौका दिया। अमेठी के लोगों ने मुझे स्वीकार किया। 2019 में अमेठी में इतिहास रचा गया।"


केंद्रीय मंत्री ने अमेठी के लोगों के लिए पिछले पांच वर्षों में उनके द्वारा किए गए कार्यों का लेखा-जोखा भी दिया। ईरानी ने कहा कि यह चिंता का विषय है कि यहां के युवाओं को कभी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं दिया गया।

राहुल गांधी दो सीटों से लड़ सकते हैं चुनाव

राहुल गांधी के एक बार फिर अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस की अमेठी इकाई के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के मुताबिक राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव अमेठी से लड़ेंगे।

नई दिल्ली में हुई अहम बैठक के बाद वापस लौटे कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने बुधवार को बताया कि राहुल गांधी ही अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार होंगे जिसकी घोषणा जल्द ही की जाएगी। चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई है। कार्यकर्ता अपनी-अपनी जिम्मेदारी को निभाने की तैयारी कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- दो भोजपुरी एक्ट्रेस और एक फैशन डिजाइनर... पवन सिंह की जगह आसनसोल में BJP इन्हें दे सकती है टिकट

राहुल गांधी साल 2004 से 2019 तक अमेठी से सांसद रहे। लेकिन साल 2019 के चुनाव में वह बीजेपी उम्मीदवार स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे। राहुल ने पिछली बार केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ा था जहां से वह वर्तमान में सांसद हैं। ऐसी अटकले हैं कि इस बार वह दोनों सीटों से चुनाव लड़ेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।