Lok Sabha Elections 2024: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी (Barabanki) संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद उपेंद्र सिंह रावत (Upendra Singh Rawat) ने कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के अगले दिन सोमवार को मामले की जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि जब तक ‘मैं निर्दोष साबित नहीं होता सार्वजनिक जीवन में कोई चुनाव नहीं लड़ूंगा।’ रावत ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच 'X' पर अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट किया, ''मेरा एक संपादित वीडियो वायरल किया जा रहा है, जो डीप फेक AI तकनीक से जेनरेट किया गाया है, जिसकी FIR मैंने दर्ज करा दी है।''
इसी पोस्ट में रावत ने कहा, "इसके संदर्भ में मैंने (पार्टी के) राष्ट्रीय अध्यक्ष जी से निवेदन किया है कि इसकी जांच करवायी जाये। जब तक मैं निर्दोष साबित नहीं होता सार्वजनिक जीवन में कोई चुनाव नहीं लड़ूंगा।"
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपने 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी, जिसमें उपेंद्र सिंह रावत को बाराबंकी संसदीय क्षेत्र से दोबारा टिकट दिया गया है। BJP की इस घोषणा के अगले दिन उनका यह कथित आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ।
सांसद उपेंद्र सिंह रावत का कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसको लेकर सांसद की तरफ से कोतवाली थाने में रविवार को अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (SHO) आदित्य त्रिपाठी ने रविवार को बताया कि रावत का सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे कथित आपत्तिजनक वीडियो मामले में उनके निजी सचिव दिनेश चंद्र रावत की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में है।
सांसद के कई वीडियो हुए वायरल
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, पुलिस सूत्रों ने बताया कि तीन मिनट से लेकर पांच मिनट तक के कई वीडियो सार्वजनिक हुए हैं जिसमें एक व्यक्ति एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहा है। जिले में तेजी से प्रसारित हुए इस वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को उपेंद्र सिंह रावत बताया गया है।
लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को बाराबंकी से पुन: उम्मीदवार घोषित किये जाने के 24 घंटे के भीतर ही सोशल मीडिया पर रावत का यह कथित आपत्तिजनक वीडियो सार्वजनिक हुआ है।
सांसद के निजी सचिव दिनेश चंद्र रावत ने स्थानीय कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने सांसद को BJP से उम्मीदवार घोषित किये जाने के बाद उनकी छवि धूमिल करने के लिए उनका संपादित आपत्तिजनक वीडियो सार्वजनिक कर दिया है।
सांसद रावत ने बताया कि मेरे टिकट मिलने से पहले कोई वीडियो सामने नहीं आया था, लेकिन टिकट मिलते ही मेरे खिलाफ मेरे विरोधियों ने ऐसी हरकत की है। उन्होंने दावा किया कि यह वीडियो पूरी तरह से संपादित है और इसलिए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जल्द ही आरोपी सामने होंगे।
उपेंद्र सिंह रावत बाराबंकी संसदीय क्षेत्र से 2019 में निर्वाचित हुए थे, तब भाजपा ने अपने तत्कालीन सांसद प्रियंका सिंह रावत का टिकट काटकर उपेंद्र सिंह रावत को उम्मीदवार बनाया था।