Lok Sabha Elections: मुंबई में I.N.D.I.A. गठबंधन का शक्ति प्रदर्शन, राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगा समापन

Lok Sabha Elections: रविवार को मुंबई के प्रसिद्ध शिवाजी पार्क में राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन में होने वाली रैली में I.N.D.I.A. ब्लॉक का शक्ति प्रदर्शन होगा, जिसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, RJD नेता तेजस्वी यादव और सपा प्रमुख अखिलेश शामिल होंगे

अपडेटेड Mar 17, 2024 पर 6:30 PM

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस (Congress) सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) रविवार को मुंबई के मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक 'न्याय संकल्प पदयात्रा' निकाली। कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्ष का I.N.D.I.A. गठबंधन रविवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में एक मेगा रैली आयोजित करने वाला है। इसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और शिवसेना (UBT) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, NCP प्रमुख शरद पवार, RJD नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, जैसे बड़े विपक्षी नेता शामिल होंगे।

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला, CPI महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहेंगे।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra), डॉ. बी आर अंबेडकर के स्मारक चैत्य भूमि पर खत्म होगी।


BJP बहुत शोर मचाती: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने रविवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ‘‘शोर बहुत मचाती’’ है, लेकिन उसमें संविधान को ‘‘बदलने’’ का साहस नहीं है। राहुल ने यह भी कहा कि सच्चाई और देश की जनता उनके साथ है।

BJP सांसद अनंतकुमार हेगड़े ने हाल में कहा था कि उनकी पार्टी को संविधान में संशोधन करने के लिए और ‘‘कांग्रेस द्वारा इसमें जोड़ी गईं गैर-जरूरी चीजों को हटाने के लिए’’ संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी।

इसके बाद BJP ने हेगड़े की टिप्पणियों से पैदा हुए विवाद को शांत करने की कवायद में इसे उनका ‘‘निजी विचार’’ बताया और उनसे स्पष्टीकरण मांगा था।

राहुल गांधी मुंबई में महात्मा गांधी के आवास मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक ‘न्याय संकल्प पदयात्रा’ करने के बाद यहां एक सभा को संबोधित कर रहे थे। अगस्त क्रांति मैदान में ही ब्रिटिश राज से आजादी के लिए भारत के संघर्ष के दौरान 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ था।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा बहुत शोर मचाती है लेकिन उसमें संविधान को बदलने का साहस नहीं है। सच्चाई और लोगों का समर्थन हमारे साथ है।’’

वायनाड से लोकसभा सदस्य राहुल ने कहा कि मौजूदा लड़ाई केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच नहीं बल्कि दो ‘‘अभिव्यक्तियों’’ के बीच है।

उन्होंने कहा, ‘‘कोई सोचता है कि देश एक केंद्र से चलना चाहिए, जहां एक व्यक्ति के पास सारा ज्ञान है। इसके विपरीत, हम सोचते हैं कि शक्ति का विकेंद्रीकरण होना चाहिए और लोगों की आवाज सुनी जानी चाहिए।’’

'सिर्फ एक व्यक्ति के पास ज्ञान है'

राहुल ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति के पास IIT की डिग्री है, तो इसका यह मतलब नहीं है कि उसके पास किसी किसान के मुकाबले ज्यादा ज्ञान है। लेकिन भाजपा इस तरह काम नहीं करती है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सोच है कि सिर्फ एक व्यक्ति के पास ज्ञान है...किसान, मजदूर और बेरोजगार युवाओं को कोई ज्ञान नहीं है।’’

शनिवार को कांग्रेस सांसद ने मध्य मुंबई में डॉ. भीमराव आंबेडकर के स्मारक 'चैत्यभूमि' पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करके और संविधान की प्रस्तावना पढ़कर अपनी 63 दिवसीय 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का समापन किया।

यह यात्रा 14 जनवरी को संघर्षग्रस्त मणिपुर से शुरू हुई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।