Loksabha Chunav 2024: राहुल गांधी के 'मैच फिक्सिंग’ वाले बयान के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची BJP, सख्त एक्शन की मांग

Loksabha Chunav 2024: चुनाव आयोग से शिकायत के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, राहुल गांधी ने कहा केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग में अपने लोग रखे हुए हैं। संविधान को लकर उन्होंने कहा कि लोगों के हक को छीना जा रहा है। उनका यह सब एक सार्वजनिक स्थान पर कहना। यह नीचे स्तर की राजनीति है

अपडेटेड Apr 01, 2024 पर 4:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Loksabha Chunav 2024: राहुल गांधी के 'मैच फिक्सिंग’ वाले बयान के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची BJP

Loksabha Chunav 2024: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के लिए ‘मैच फिक्सिंग’ (Match Fixing) वाले बयान समेत कुछ दूसरी टिप्पणियों के लिए सोमवार को चुनाव आयोग (EC) से कांग्रेस (Congress) नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की शिकायत की और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के नेतृत्व वाले एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां निर्वाचन आयोग में अधिकारियों से मुलाकात की और गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

अधिकारियों के साथ मुलाकात के बाद पुरी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में जनसभा के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की टिप्पणी ‘अत्यंत आपत्तिजनक’ थी, क्योंकि यह न केवल आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है, बल्कि इसके गंभीर असर हो सकते हैं।

EVM से लेकर संविधान तक पर बोले राहुल


उन्होंने पत्रकारों से कहा, "कल जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह (लोकसभा चुनाव) एक फिक्स मैच है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग में अपने लोगों को तैनात किया है। उन्होंने EVM की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए और कहा कि चुनाव के बाद संविधान रद्द बदल किया जाएगा।"

पुरी ने कहा, "हमने निर्वाचन आयोग से राहुल गांधी, अन्य कांग्रेस नेताओं और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (I.N.D.I.A.) के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।"

सिंह ने राहुल गांधी पर बार-बार ऐसे बयान देने का आरोप लगाया और कहा कि चुनाव आयोग को लोकसभा चुनावों के दौरान उनको बोलने से रोकने पर विचार करना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस नेता ऐसी टिप्पणियां करना बंद नहीं करेंगे।

क्या बोले थे राहुल गांधी?

विपक्षी गठबंधन ‘I.N.D.I.A.’ की रैली में रविवार को राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी इस लोकसभा चुनाव में ‘मैच फिक्सिंग’ की कोशिश कर रहे हैं, ताकि भारी बहुमत से चुनाव जीतकर संविधान खत्म किया जा सके।

गांधी ने लोगों का आह्वान किया कि वे इस ‘मैच फिक्सिंग’ को रोकने के लिए पूरी ताकत से मतदान करें, क्योंकि यह संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है।

एक और गंभीर आरोप में, कांग्रेस नेता ने दावा किया कि BJP का "400 पार का नारा मैच फिक्सिंग के बिना असंभव है" और कहा कि प्रधान मंत्री ने "400 पार" के लिए "अंपायर्स" को चुना है।

गांधी ने आगे कहा, “जब अंपायरों और कप्तान पर दबाव डाला जाता है, खिलाड़ियों को खरीद लिया जाता है और मैच जीत लिया जाता है, तो क्रिकेट में इसे मैच फिक्सिंग कहा जाता है। हमारे सामने लोकसभा चुनाव हैं। अंपायरों का सिलेक्शन किसने किया? मैच शुरू होने से पहले दो खिलाड़ियों को गिरफ्तार कर लिया गया। नरेंद्र मोदी इन चुनावों में मैच फिक्सिंग करने की कोशिश कर रहे हैं।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।