Loksabha Chunav: कांग्रेस के अधीर रंजन ने 'BJP के लिए मांगा' वोट? TMC के आरोप के बाद कांग्रेस ने जारी किया पूरा वीडियो

West Bengal Lok Sabha Election 2024: पूरे वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक छेड़छाड़ किया हुआ वीडियो सामने आया है, शायद या तो टीएमसी या बीजेपी आईटी सेल ने ये वायरल किया है, जिसमें ऐसा दिखाया जा रहा है मानों पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी एक सार्वजनिक बैठक में मतदाताओं से बीजेपी को वोट देने के लिए कह रहे हैं

अपडेटेड May 01, 2024 पर 9:24 PM
Loksabha Chunav: कांग्रेस के अधीर रंजन ने 'BJP के लिए मांगा' वोट? TMC के आरोप के बाद कांग्रेस ने जारी किया पूरा वीडियो

पश्चिम बंगाल में बुधवार को उस समय राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जब सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी का एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में अधीर रंजन बरहामपुर में एक लोकसभा चुनाव रैली के दौरान लोगों से भारतीय जनता पार्टी (BJP) को वोट देने के लिए कहते दिख रहे थे। वीडियो में चौधरी ने कहा, "TMC को वोट देने से बेहतर है कि बीजेपी को वोट दिया जाए।" पलटवार करते हुए कांग्रेस ने चौधरी के पूरे भाषण का वीडियो जारी किया है और टीएमसी पर ओरिजनल क्लिप के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता को एक मिनट लंबी क्लिप में यह कहते हुए सुना जा सकता है, ''इस बार '400 पार' नहीं होगा...पीएम मोदी के हाथ से 100 सीटें पहले ही खिसक चुकी हैं...कांग्रेस और CPI (M) को जिताना जरूरी है। अगर कांग्रेस और CPI(M) नहीं जीते, तो धर्मनिरपेक्षता खतरे में पड़ जाएगी। TMC को वोट देने से बेहतर है कि बीजेपी को वोट दिया जाए। इसलिए, कांग्रेस को वोट दें, TMC या बीजेपी को नहीं।"


कांग्रेस ने TMC और BJP पर लगाया आरोप

पूरे वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक छेड़छाड़ किया हुआ वीडियो सामने आया है, "शायद या तो टीएमसी या बीजेपी आईटी सेल ने ये वायरल किया है, जिसमें ऐसा दिखाया जा रहा है मानों पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी एक सार्वजनिक बैठक में मतदाताओं से बीजेपी को वोट देने के लिए कह रहे हैं और इसलिए मतदाताओं और श्रोताओं के बीच गलत धारणा और गलत जानकारी फैलाई जा रही है।"

"झूठ और गलत सूचना फैलाने की संस्कृति" की निंदा करते हुए, कांग्रेस ने कहा कि उसने "इस फेक वीडियो के संबंध में चुनाव आयोग को एक आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है और उनके हस्तक्षेप की मांग की है और उनसे उचित कार्रवाई करने की अपील भी की है।"

पुलिस शिकायत दर्ज कराएगी कांग्रेस

पार्टी ने कहा, "हम सोर्स (IP Address) का पता लगाने में मदद के लिए IT प्रोफेशनल्स से भी मदद मांग रहे हैं, ताकि हम अपने लीगल सेल के जरिए पुलिस शिकायत भी दर्ज कर सकें।"

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस और TMC दोनों ने एक-दूसरे पर बीजेपी की 'बी-टीम' होने का आरोप लगाया है। TMC नेता सुष्मिता देव ने चौधरी के भाषण की नौ सेकंड की क्लिप शेयर करने के बाद विपक्ष के I.N.D.I.A. ब्लॉक के सहयोगियों के बीच राजनीतिक खींचतान तेज हो गई, जिससे विवाद खड़ा हो गया।

देव ने X पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, “बंगाल में बीजेपी के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारक अधीर रंजन चौधरी से मिलें, ये लोकसभा में कांग्रेस के नेता सदन हैं।"

तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी ने भी चौधरी पर BJP का एजेंट होने का आरोप लगाया और उन्हें राज्य में विपक्षी I.N.D.I.A. ब्लॉक के गठन में बाधा डालने के लिए जिम्मेदार ठहराया।

अधीर रंजन चौधरी 1999 से सांसद हैं। इसबार लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) में उनका मुकाबला पूर्व भारतीय क्रिकेटर और तृणमूल के यूसुफ पठान और बीजेपी के प्रसिद्ध सर्जन डॉ. निर्मल कुमार साहा से है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।