'बार-बार लॉन्च करना पड़ता है' स्टार्टअप महाकुंभ में PM मोदी ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर कसा तंज

स्टार्टअप महाकुंभ में PM मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। यहां 1.25 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड स्टार्टअप हैं, जो 12 लाख से ज्यादा लोगों के लिए रोजगार पैदा करते हैं। भारत में 110 से ज्यादा यूनिकॉर्न हैं... हमारे स्टार्टअप ने 12,000 से ज्यादा पेटेंट रिजस्टर्ड किए हैं

अपडेटेड Mar 20, 2024 पर 3:35 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे तौर पर तो नहीं, लेकिन बिना नाम लिए एक बार फिर उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधा है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने सीधे तौर पर तो नहीं, लेकिन बिना नाम लिए एक बार फिर उन्होंने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर निशाना साधा है। इसके जरिए मोदी ने स्टार्टअप और राजनीति के बीच एक समानता भी बताई। स्टार्टअप महाकुंभ (Startup Mahakumbh) में स्टार्टअप शुरू करने वाले लोगों को संबोधित करते हुए, प्रधान मंत्री ने कहा कि कई लोग राजनीतिक स्टार्टअप लॉन्च करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनमें और ओरिजनल स्टार्टअप मे अंतर यह है कि आप प्रयोगात्मक हैं। एक लॉन्च फेल होने के बाद आप नए विचारों को आजमाते हैं।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा, "स्टार्टअप लॉन्च तो बहुत लोग करते हैं, राजनीति में तो ये बहुत ज्यादा होता है और बार बार लॉन्च करना पड़ता है। आप में और उनमें फर्क ये है कि आप लोग प्रयोगशील होते हैं, एक अगर लॉन्च नहीं हुआ तो तुरंत दूसरे पर चले जाते हैं।"

2023 में कन्याकुमारी से कश्मीर तक राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' और इम्फाल से मुंबई तक नई 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा', को कांग्रेस नेता की रीब्रांडिंग और उन्हें विपक्ष के सबसे बड़े चेहरे के तौर पर लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के मैदान में उतारने की कोशिश माना जाता है।


राहुल गांधी एक बार फिर अपनी मौजूदा सीट, केरल के वायनाड से ही आम चुनाव लड़ रहे हैं।

'भारत ने सही समय पर सही निर्णय लिए'

प्रधान मंत्री ने इनोवेशन और डेवलपमेंट की रफ्तार पर भी बात करते हुए कहा कि भारत ने सही समय पर सही निर्णय लिए हैं।

उन्होंने कहा, "आज, एनर्जी और वाइब अद्भुत है! स्टालों पर घूमते हुए और आपके आविष्कारों को देखते हुए, मैं यह भावना महसूस कर सकता हूं कि भारत का भविष्य कई यूनिकॉर्न और डेकाकॉर्न रखता है। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए, भारत ने सही समय पर सही निर्णय लिए हैं।"

उन्होंने कहा, "पिछले दशकों में, हमने देखा है कि कैसे भारत ने सॉफ्टवेयर और IT सेक्टर में बड़ी प्रगति की है। अब, हम भारत में इनोवेशन और स्टार्टअप संस्कृति के विकास की रफ्तार देख सकते हैं।"

उन्होंने कहा, "भारत ने स्टार्टअप-20 के तहत दुनिया भर के स्टार्टअप इकोसिस्टम को एक साथ लाने का प्रयास किया है। उसी भारत मंडपम में स्टार्टअप्स को न केवल पहली बार G20 के दिल्ली घोषणापत्र में शामिल किया गया, बल्कि उन्हें विकास का प्राकृतिक इंजन भी माना गया।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।