Lok Sabha Election Date: लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान 16 मार्च को होने जा रहा है। चुनाव आयोग (EC) ने आधिकारिक तौर पर इस जानकारी दे दी है। आयोग ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि आम चुनाव 2024 और कुछ राज्य विधानसभाओं के कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए शनिवार 16 मार्च को आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा। इस कॉन्फ्रेंस को ECI के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा कि लोकसभा चुनाव और कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए शनिवार को दोपहर तीन बजे एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
आम चुनावों के कार्यक्रम के अलावा, चुनाव आयोग ओडिशा और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनावों की तारीखों की भी घोषणा करेगा।
आम चुनाव आमतौर पर 543 निर्वाचन क्षेत्रों में कई चरणों में होते हैं और नतीजे एक ही दिन, आमतौर पर मई में घोषित किए जाते हैं।
पिछली बार, लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) की घोषणा 10 मार्च को की गई थी और 11 अप्रैल से 19 मई तक सात चरणों में मतदान हुआ था। वोटों की गिनती 23 मई को हुई थी।
चुनाव आयोग को मिले दो नए आयुक्त
14 मार्च को, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली तीन सदस्यों वाली समिति ने ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू को चुनाव आयुक्त के रूप में चुना।
कानून मंत्रालय ने एक नोटिफिकेशन जारी कर नियुक्तियों की घोषणा की थी।
14 फरवरी को अनूप चंद्र पांडे के रिटायर होने और 8 मार्च को अरुण गोयल के अचानक इस्तीफे के बाद चुनाव आयोग में दोनों अहम पद खाली हो गए थे। चुनाव पैनल का नेतृत्व मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार कर रहे हैं।
'अबकी बार आराम से 400 पार'
इस बीच, Network18 के मेगा ओपिनियन पोल के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) आगामी लोकसभा चुनावों के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के "400 पार" का टारगेट हासिल करने के लिए तैयार है।
ओपिनियन पोल में अनुमान लगाया गया है कि NDA 543 सदस्यीय लोकसभा में 411 सीटें जीतने के लिए तैयार है, जबकि अकेले भाजपा को रिकॉर्ड 350 सीटें मिलेंगी।
BJP ने आगामी चुनावों के लिए कुल 250 उम्मीदवारों की अपनी दो लिस्ट जारी कर दी हैं। वहीं कांग्रेस पार्टी ने अब तक 82 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।