Credit Cards

MP Loksabha Election: दिग्विजय सिंह ने खुद ही घोषित कर दी राजगढ़ अपनी उम्मीदवारी, बोले- मुझे संकेत मिले हैं

MP Loksabha Election: दिग्विजय सिंह शुरुआत से ही चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए नजर आ रहे थे। उनका कहना था कि उनके पास राज्यसभा के अभी दो साल और बाकी हैं, इसलिए उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। हालांकि, पत्रकारों के सवालों के जवाब में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता ने ये जरूर कहा है कि यह मेरे जीवन का आखिरी चुनाव होगा

अपडेटेड Mar 23, 2024 पर 12:09 AM
Story continues below Advertisement
MP Loksabha Election: अब तक दिग्विजय सिंह शुरुआत से ही चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए नजर आ रहे थे

MP Loksabha Election: कांग्रेस (Congress) के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी ने "संकेत" दिया है कि उन्हें मध्य प्रदेश की राजगढ़ लोकसभा सीट (Rajgarh Loksabha Seat) से मैदान में उतारा जा सकता है। कांग्रेस ने अभी तक राज्य की 29 सीट में से राजगढ़ समेत 19 सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह राजगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, सिंह ने मीडिया से कहा, "अभी घोषणा नहीं हुई है, लेकिन मुझे संकेत दिया गया है।"

एक और सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, "यह मेरे जीवन का आखिरी चुनाव होगा और मुझे उम्मीद है कि लोग मेरा और कांग्रेस का समर्थन करेंगे।"

अभी राजगढ़ सीट पर बीजेपी के रोडमल नागर के पास है। नागर ने 2014 और 2019 दोनों ही चुनाव में यहां से जीत हासिल की थी। नागर इस बार भी लोकसभा चुनाव (Loksabha Election) में BJP उम्मीदवार हैं।


सिंह 1984 और 1991 में राजगढ़ से सांसद चुने गए थे। उनके 1993 में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद, यह सीट 1994 (उपचुनाव) से 2004 तक उनके भाई लक्ष्मण सिंह के पास रही। लक्ष्मण ने BJP के टिकट पर 2004 का लोकसभा चुनाव यहां से जीता, लेकिन सिंह के करीबी सहयोगी नारायण सिंह अमलाबे ने 2009 में लक्ष्मण सिंह को हरा दिया।

2014 में, नागर ने अमलाबे को हराया और फिर 2019 में सीट बरकरार रखी।

CEC ने भी दी दिग्विजय सिंह के नाम की मंजूरी

इससे पहले भी खबर आई थी कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राज्य के राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) ने बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की कई लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की।

न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि CEC ने दिग्विजय सिंह को राजगढ़ से उम्मीदवार बनाए जाने को मंजूरी दी है।

'राजा साहेब' का गढ़

राजगढ़ के अंतर्गत ही राघोगढ़ आता है, जहां के राज परिवार से दिग्विजय सिंह संबंध रखते हैं। उन्हें स्थानीय लोग ‘राजा साहेब’ के नाम से बुलाते हैं। BJP के रोडमल नागर वर्तमान में राजगढ़ से सांसद हैं।

दिग्विजय सिंह पिछले लोकसभा चुनाव में भोपाल से कांग्रेस के उम्मीदवार थे, लेकिन उन्हें साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से हार का सामना करना पड़ा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।