Karnataka Opinion Poll: कर्नाटक में BJP-JDS गठबंधन की होगी बंपर जीत, 2019 के मुकाबले बढ़ सकता है कांग्रेस का ग्राफ

Karnataka Opinion Poll: पांच दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना और केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप की 127 सीटों में से BJP 2019 के लोकसभा चुनावों में केवल 29 सीटें जीत पाई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 मार्ट को कालाबुरागी और 18 मार्च को शिवमोग्गा में सार्वजनिक सम्मेलनों को संबोधित करके कर्नाटक में BJP के अभियान की शुरुआत करने के लिए तैयार हैं

अपडेटेड Mar 14, 2024 पर 7:48 PM
Story continues below Advertisement
Karnataka Opinion Poll

Karnataka Opinion Poll: लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) से ठीक पहले देश का सबसे बड़ा ओपिनियन पोल कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के लिए अच्छी खुश खबरी लेकर आ रहा है। News18 के मेगा ओपिनियन (Mega Opinion Poll) पोल में दक्षिण भारत के राज्य में BJP के नेतृ्त्व वाले NDA के खाते में सबसे ज्यादा 25 सीट जाने का अनुमान है। जबकि विपक्ष I.N.D.I.A. गठबंधन के खेमे को सिर्फ तीन सीट मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कर्नाटक में लोकसभा की कुल 28 सीट हैं।

वहीं अगर वोट प्रतिशत की बात की जाए, तो NDA वोट शेयर 58 फीसदी रह सकता है, जबकि कांग्रेस के I.N.D.I.A. गठबंधन के खाते में 35 फीसदी वोट जाने की संभावना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) में 400 पार का नारा दिया है। दक्षिण भारत का एक मात्र राज्य कर्नाटक ही ऐसा है, जहां से पार्टी अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद कर रही है। BJP 28 में से 25 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि उसका गठबंधन सहयोगी JD(S) ओल्ड मैसूर रीजन की तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगा।


कैसे थे 2019 लोकसभा चुनाव के नतीजे?

2019 लोकसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें, तो बीजेपी 27 सीटों पर लड़ी थी, जिसमें से उसकी 25 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं तब कांग्रेस और JDS का गठबंधन था। कांग्रेस 21 सीट पर लड़ी थी और सिर्फ एक सीट ही जीत पाई थी, जबकि JDS सात सीट पर लड़ी और वो भी एक ही सीट निकाल पाई।

पिछले साल राज्य विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने कुल 224 सीटों में से 136 सीटें जीतकर शानदार जीत हासिल की थी। BJP 65 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रही और JDS ने 19 सीटें जीतीं। कांग्रेस ने बसवराज बोम्मई के नेतृत्व वाली BJP को सत्ता से हटा दिया और सरकार बनाई।

BJP और कांग्रेस ने मैदान में उतारे उम्मीदवार

कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट में कर्नाटक से सात उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। सांसद डीके सुरेश, सांसद एसपी मुद्दाहनुमेगौड़ा और कर्नाटक के प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्री मधु बंगारप्पा की बहन गीता शिवराजकुमार उन नेताओं में शामिल हैं, जो चुनाव लड़ेंगे।

इस बीच, BJP ने अपनी दूसरी लिस्ट में नौ मौजूदा लोकसभा सांसदों को बदल दिया और आठ नए चेहरों को मैदान में उतारा। पार्टी ने  नए चेहरों में मैसूर शाही परिवार के सदस्य यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार, हृदय रोग विशेषज्ञ सीएन मंजूनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को मैदान में उतारने का फैसला किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।