Credit Cards

'BJD अस्त और कांग्रेस पस्त, BJP को लेकर लोग हैं आश्वस्त', PM मोदी ने ओडिशा में कर दी बड़ी भविष्यवाणी

BJD अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्य को एक ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है जो उड़िया भाषा और संस्कृति को समझता हो। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद बीजेपी यहां डबल इंजन की सरकार बनाएगी। BJD सरकार की एक्सपायरी डेट 4 जून, 2024 है

अपडेटेड May 06, 2024 पर 3:34 PM
Story continues below Advertisement
Odisha Elections 2024: ओडिशा में विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ हो रहे हैं

Odisha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (6 मई) को दावा किया कि ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (BJD) 'अस्त' हो रहा है। जबकि विपक्षी कांग्रेस 'पस्त' है, लिहाजा लोग भारतीय जनता पार्टी (BJP) को लेकर आश्वस्त हैं। राज्य में पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ओडिशा में BJD सरकार की 'एक्सपायरी डेट' 4 जून है। ओडिशा में विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ हो रहे हैं और परिणाम 4 जून को आएंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा की जनता ने 50 साल तक कांग्रेस के शासन को देखा और पिछले 25 साल से वह BJD को देख रही है। PM मोदी ने लोगों से ओडिशा को देश का नंबर एक राज्य बनाने के लिए BJP को एक मौका देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, "सभी ने देखा कि क्या हुआ। ओडिशा की भूमि उर्वरक है, यह खनिज संपदा से संपन्न है। यहां समुद्र तट भी हैं। बरहामपुर जैसा व्यवसायिक केंद्र है। यहां संस्कृति और विरासत... क्या नहीं है। फिर भी समृद्ध ओडिशा के लोग गरीब रह गए। इस पाप का कौन जिम्मेदार है। जवाब साफ है। कांग्रेस और BJD...।"


उन्होंने कहा, "लेकिन अब ओडिशा में BJD अस्त है, कांग्रेस पस्त है और लोग BJP को लेकर आश्वस्त हैं। पीएम ने कहा कि सिर्फ भारतीय जनता पार्टी उम्मीदों का नया सूरज बनकर आई है।"

नवीन पटनायक पर साधा निशाना

BJD अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य को एक ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है जो उड़िया भाषा और संस्कृति को समझता हो। उन्होंने कहा, "चुनाव के बाद बीजेपी यहां डबल इंजन की सरकार बनाएगी। BJD सरकार की एक्सपायरी डेट 4 जून, 2024 है। हम ओडिशा को देश का नंबर एक राज्य बनाएंगे।" प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि ओडिशा में बीजद के छोटे-छोटे नेता भी बड़े-बड़े बंगलों के मालिक हो गए हैं, डॉक्टरों के बहुत सारे पद खाली पड़े हैं और छात्र अपनी पढ़ाई भी पूरी नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा, "ऐसा क्यों हो रहा है जबकि मोदी राज्य को उपयुक्त और समुचित फंड दे रहा है। जवाब स्पष्ट है।" पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन के लिए 10,000 करोड़ रुपये ओडिशा को दिए लेकिन वह पैसे यहां की सरकार सही से खर्च ही नहीं कर पाई।

उन्होंने कहा, "मोदी गांव में सड़कें बनाने के लिए पैसा भेजता है, लेकिन यहां गांवों में सड़कों की हालत खराब है। मोदी दिल्ली से मुफ्त चावल के लिए पैसे भेजता है, लेकिन बीजद सरकार इस योजना पर भी अपना फोटो चिपका देती है।"

केंद्रीय योजनाओं नजरअंदाज करने का आरोप

प्रधानमंत्री ने BJD सरकार पर महिलाओं के हितों की कोई परवाह ना करने का आरोप मढ़ा और कहा कि केंद्र सरकार हर गर्भवती महिला को 6,000 हजार रुपये की आर्थिक मदद दे रही है लेकिन राज्य सरकार ने इतनी महत्वपूर्ण और पवित्र योजना पर भी 'ताला' लगा दिया है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी राज्य के लोगों को नहीं मिल रहा है।

पीएम मोदी ने कहा, "हमने ओडिशा के लिए एक दूरदर्शी घोषणापत्र जारी किया जिसमें युवाओं और महिलाओं के लिए नौकरियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का वादा किया गया है। भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करती है।"

उन्होंने कहा, ''मैं 10 जून को बीजेपी के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में आपको आमंत्रित करने के लिए यहां आया हूं। उसी दिन हम आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू करेंगे जिसका नवीन पटनायक सरकार विरोध कर रही है। भगवान जगन्नाथ का यह पुत्र इस योजना के तहत सभी वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल करेगा।"

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Chunav 2024 Live: ओडिशा में लोग सिर्फ एक बार BJP को मौका दें, 5 साल में नंबर वन बना देंगे - पीएम मोदी

ओडिया भाषा पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की कथित कमजोर पकड़ का उल्लेख करते हुए PM मोदी ने कहा, "उड़िया भाषा की संस्कृति और परंपरा में जीने और समझने वाला और गर्व करने वाला व्यक्ति ओडिशा की समस्याओं को तेज गति से हल करने में मदद कर सकता है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।