'जिनके अपने होश ठिकाने नहीं, वो मेरी काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे हैं' राहुल गांधी के नशे वाले बयान पर भड़के PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस में बनास डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया। इस दौरान अपने संबोधन में मोदी कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर बरसे। ग्रैंड ओल्ड पार्टी को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार तो इनको जमानत बचाने के लिए ही बहुत संघर्ष करना पड़ेगा

अपडेटेड Feb 23, 2024 पर 4:46 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में कहा कि कांग्रेस के युवराज का कहना है कि काशी के नौजवान, यूपी के नौजवान नशेड़ी हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के उस बयान को लेकर तीखा हमला किया है, जिसमें उन्होंने कहा था, "UP में युवा शराब पीकर सड़क पर लेटे हैं, नाच रहे हैं।" PM मोदी ने इसे कांग्रेस और उसके 'राज परिवार' का 'फ्रस्ट्रेशन' बताते हुए कहा कि 'जिनके अपने होश ठिकाने नहीं हैं, वो यूपी के, मेरी काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे हैं।' मोदी ने ये बात बनारस में बनास डेयरी प्लांट (Banas Dairy Plant) के उद्घाटन के मौके पर कही।

बनारस में अपने संबोधन में मोदी ने कहा, "कांग्रेस के युवराज का कहना है कि काशी के नौजवान, यूपी के नौजवान नशेड़ी हैं। जिनके अपने होश ठिकाने नहीं हैं, वो यूपी के, मेरी काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे हैं।"

'नौजवानों पर ही ये लोग अपनी फ्रस्ट्रेशन निकाल रहे'


उन्होंने आगे कि मोदी को गाली देते-देते, तो इन्होंने दो दशक बिता दिए और अब ईश्वर रूपी जनता-जनार्दन पर, यूपी के नौजवानों पर ही ये लोग अपनी फ्रस्ट्रेशन निकाल रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने तीखे लहजे में कहा, "अरे घोर परिवारवादियों... काशी का, यूपी का नौजवान तो विकसित यूपी बनाने में जुटा है, अपना समृद्ध भविष्य लिखने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा कर रहा है।"

उन्होंने कहा कि यूपी के नौजवानों का अपमान कोई नहीं भूलेगा। परिवारवादी हमेशा युवा शक्ति से डरते हैं। युवा टैलेंट से डरते हैं।

'जमानत बचाने के लिए भी संघर्ष करना होगा'

मोदी ने राम मंदिर के जरिए भी कांग्रेस (Congress) को घेरा और कहा, "आजकल तो इनके गुस्से का, इनकी बौखलाहट का एक और भी कारण है। इनको काशी और अयोध्या का नया स्वरूप बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा। ये अपने भाषणों में राम मंदिर को लेकर कैसी-कैसी बातें करते हैं। मैं ये नहीं जानता था कि कांग्रेस को प्रभु श्रीराम से इतनी नफरत है।"

मोदी ने विपक्ष के गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कहा कि ये अपने परिवार और वोटबैंक से बाहर देख नहीं सकते, सोच नहीं सकते। तभी तो हर चुनाव के दौरान साथ आते हैं और जब परिणाम ‘निल बटे सन्नाटा’ आता है, तो ये एक-दूसरे को गाली देते हुए अलग हो जाते हैं। इस बार तो इनको जमानत बचाने के लिए ही बहुत संघर्ष करना पड़ेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।