PM Modi Letter: 'वोटर्स को गारंटी, मोदी का पल-पल देशवासियों के नाम' तीसरे चरण में BJP उम्मीदवारों के नाम प्रधानमंत्री का पैगाम

Lok Sabha Election 2024 Phase 3: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरे चरण में मैदान में उतरे बीजेपी उम्मीदवारों को लिखे अपने पत्र में कहा कि यह चुनाव पांच-छह दशकों के कांग्रेस के शासन काल में हमारे परिवार और परिवार के बुजुर्गों ने जो कष्ट सहे हैं, उनसे मुक्ति पाने का अहम क्षण है

अपडेटेड Apr 30, 2024 पर 2:20 PM
PM Modi Letter: प्रधानमंत्री का बीजेपी उम्मीदवारों को खास पत्र, कहा- वोटर्स को गारंटी दें कि मोदी का पल-पल देशवासियों के नाम है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के नाम एक पत्र लिखा है। PM मोदी ने इस लेटर में उम्मीदवारों से कहा, "आपके लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं से मैं विनम्र भाव से कहना चाहता हूं कि यह चुनाव साधारण चुनाव नहीं है। यह चुनाव हमारे वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का एक सुनहरा अवसर है। यह चुनाव पांच-छह दशकों के कांग्रेस के शासन काल में हमारे परिवार और परिवार के बुजुर्गों ने जो कष्ट सहे हैं, उनसे मुक्ति पाने का अहम क्षण है।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने अपने पत्र में कहा, "मुझे विश्वास है कि संसद में आप जनता जनार्दन का भरपूर आशीर्वाद लेकर आएंगे और नई सरकार में हम सब एक साथ मिलकर देशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। आप जैसे ऊर्जावान साथी मुझे संसद में मजबूती प्रदान करेंगे।"

उन्होंने आगे कहा, "BJP को मिलने वाला हर वोट एक मजबूत सरकार बनाने और साल 2047 तक भारत को विकसित बनाने के प्रयासों को रफ्तार देने वाला वोट है। चुनाव के पहले दो चरणों के उत्साहजनक रुझान बताते हैं कि भारत की जनता इस चुनाव में हमारे इस विजन को समर्थन देने का मन बनाकर आगे बढ़ रही है।


कांग्रेस और इंडी गठबंधन को रोकना होगा: PM मोदी

PM ने कांग्रेस और I.N.D.I.A गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, "इसके अलावा, मैं आपसे कांग्रेस पार्टी और उसके इंडी अलायंस के विभाजनकारी और भेदभावपूर्ण मकसद के खिलाफ मतदाताओं को जागरूक करने का आग्रह करता हूं।"

मोदी ने एक बार फिर 'विरासत टैक्स' और आरक्षण का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, "उनका इरादा SC, ST और OBC समुदायों से आरक्षण छीनकर अपने वोटबैंक को देना है, भले ही धर्म के आधार पर आरक्षण असंवैधानिक है। वे लोगों की मेहनत की कमाई को छीनकर अपने वोटबैंक को देने पर तुले हुए हैं। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वे 'विरासत टैक्स' जैसे खतरनाक विचारों का समर्थन करेंगे। इन्हें रोकने के लिए देश को एकजुट होना ही होगा।"

सुबह-सुबह ही मतदान कर आएं: PM मोदी

PM ने बढ़ती गर्मी का असर वोटिंग पर पड़ने के मुद्दे पर कहा, "इन दिनों गर्मियां काफी बढ़ गई हैं और इनसे लोगों को होने वाली असुविधाओं से मैं अवगत हूं। मगर ये चुनाव राष्ट्र के भविष्य के लिए बेहग जरूरी है। इसलिए मेरी लोगों से अपील है कि वे धूप तेज होने से पहले, सुबह-सुबह ही मतदान केंद्रों पर जाकर मतदान कर आएं।"

उन्होंने कहा, यह जरूरी है कि हमारे कार्यकर्ता बड़ी संख्या में लोगों को बाहर निकलकर मतदान के लिए प्रोत्साहित करें। बूथ जीतने पर अपना ध्यान केंद्रित करें। संसदीय क्षेत्र में जीतने के लिए जरूरी है कि हम हर एक बूथ पर जीत सुनिश्चित करें। साथ ही इन सबके बीच, मैं पार्टी के साथी कार्यकर्ताओं से अनुरोध करता हूं कि वे अपनी और अपने आस पास के लोगों की सेहत का भी ख्याल रखें।

पत्र के आखिर में प्रधानमंत्री ने लिखा, "मेरी ओर से सभी मतदाताओं को आप गारंटी देना कि मोदी का पल-पल देशवासियों के नाम है। आपको चुनाव में विजयी होने की शुभकामनाएं। मोदी की गारंटी है कि 24x7 for 2047"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।