PM Modi Meerut Rally: मेरठ से लोकसभा चुनाव के अभियान का शंखनाद करेंगे PM मोदी, मंच पर साथ होंगे RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी

PM Modi Meerut Rally: उत्तर प्रदेश में अपनी पहली चुनावी रैली से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने देशभर में उनके ‘‘परिवारजन की आकांक्षाओं को नई उड़ान’’ दी है। मोदी ने कहा, "उत्तर प्रदेश के मेरठ में आज दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे जनता-जनार्दन से आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिलेगा

अपडेटेड Mar 31, 2024 पर 3:43 PM
PM Modi Meerut Rally: मेरठ से लोकसभा चुनाव के अभियान का शंखनाद करेंगे PM मोदी

PM Modi Meerut Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) लोकसभा चुनाव (Loksabha Election) का कार्यक्रम घोषित होने के बाद उत्तर प्रदेश के मेरठ (Meerut) में रविवार को एक रैली संबोधित कर राज्‍य में चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। BJP के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि प्रधानमंत्री की इस रैली में मेरठ के अलावा बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और कैराना लोकसभा क्षेत्रों के लोग भी शामिल होंगे। BJP मुख्यालय से प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता को प्रधानमंत्री की रैली के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।

2014 के लोकसभा चुनाव के एक दशक बाद ये पहला मौका होगा, जब पीएम मोदी और जयंत चौधरी मंच साझा करेंगे। मोदी की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री और जयंत के दादा चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की घोषणा के बाद फरवरी में RLD BJP के नेतृत्व वाले NDA में शामिल हो गई।

कैसी है PM मोदी की रैली की तैयारी?


इससे पहले PTI के मुताबिक, चुनाव प्रबंधन में पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे BJP प्रदेश महामंत्री और विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया, "प्रधानमंत्री की मेरठ रैली पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मील का पत्थर साबित होगी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) इस बार राज्य की सभी 80 सीट पर जीत हासिल करेगा।"

उत्तर प्रदेश में 80 सीट पर सभी सात चरणों में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) होने हैं, जिसकी शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हो रही है। पहले चरण के तहत बिजनौर, मुजफ्फरनगर और कैराना लोकसभा क्षेत्रों में 19 अप्रैल को मतदान होगा। हालांकि, मेरठ और बागपत में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा।

मेरठ के एक अधिकारी ने बताया कि मेरठ में 31 मार्च को प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली के मद्देनजर सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत रैली स्थल के आठ Km के दायरे में हवाई प्रदर्शन, ड्रोन, पतंग या गुब्बारे उड़ाना प्रतिबंधित कर दिया है।

जिलाधिकारी ने सभी थानाध्यक्षों को आदेश दिए हैं कि वह अपने क्षेत्रों में आदेशों का सख्ती से पालन कराएं।

मेरठ में BJP ने अरुण गोविल को दिया टिकट

मेरठ में BJP ने इस बार रामानंद सागर के धारावाहिक ‘रामायण’ में राम की भूमिका निभाने के बाद विख्यात हुए अभिनेता अरुण गोविल को अपना उम्मीदवार बनाया है।

एक राजनीतिक जानकार ने बताया, "अयोध्या में भगवान श्रीरामलला की मूर्ति इसी साल 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा करने के बाद मोदी राज्‍य में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत भी अरुण गोविल के क्षेत्र से कर रहे हैं, जो राम की भूमिका निभाने के बाद पूरे देश में आदर के साथ पहचाने जाते हैं।"

अरुण गोविल भी प्रधानमंत्री के मंच पर मौजूद रहेंगे।

जाट बहुल इलाके में RLD का प्रभाव

जाट बहुल पश्चिम उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल (RLD) का प्रभाव है और अभी हाल ही में RLD BJP नीत NDA में शामिल हो गया।

BJP और RLD ने मोदी की रैली के लिए व्यापक तैयारी की है। BJP की जिला इकाई के प्रमुख शिवकुमार राणा ने बताया कि केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के मैदान पर रविवार शाम साढ़े तीन बजे होने वाली प्रधानमंत्री की रैली में बसों, कारों और ट्रैक्टर के जरिए भारी भीड़ जुटने की संभावना है।

बीजेपी के सहयोगी RLD के प्रवक्ता आतिर रिजवी ने बताया कि रालोद मुखिया चौधरी जयंत सिंह BJP के साथ मंच साझा करेंगे।

BJP और RLD नेताओं के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की रैली में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न, गन्ना किसान से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास पर चर्चा होगी।

केंद्र सरकार ने शनिवार को चौधरी चरण सिंह को ‘भारत रत्न’ दिया है। चौधरी चरण सिंह RLD प्रमुख जयंत के पितामह और RLD संस्थापक दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के पिता थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।