दिल्ली के मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता सौरभ भारद्वाज ने मंगलवार को राघव चड्ढा को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सदस्य अपनी आंखों के इलाज के लिए UK में हैं। न्यूज एजेंसी ANI ने भारद्वाज के हवाल से कहा कहा, "वो ब्रिटेन में हैं। उनकी आंखों में कुछ परेशानी थी और मुझे बताया गया कि यह काफी गंभीर थी कि उनकी आंखों की रोशनी भी जा सकती थी। वो इलाज कराने के लिए वहां गए हैं। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।" भारद्वाज ने आगे बताया कि जैसे ही चड्ढा ठीक हो जाएंगे, वो भारत वापस आएंगे और चुनाव प्रचार में पार्टी में शामिल होंगे।
AAP इस वक्त जिस मुश्किल समय से गुजर रही है और ऐसे में चड्ढा के यहां नहीं होने पर सवाल उठाए जा रहे हैं, खासकर तब जब शराब नीति मामले में पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) गिरफ्तार हो गए और दूसरी तरफ लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) भी चल रहे हैं।
सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव हैं राघव चड्ढा
हालांकि, चड्ढा सोशल मीडिया पर काफी लगातार एक्टिव हैं। पंजाब से राज्यसभा सांसद चड्ढा नियमित रूप से अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पार्टी की रैलियों के साथ-साथ सुनीता केजरीवाल के संबोधनों के वीडियो पोस्ट करते रहते हैं।
चड्ढा ने 18 अप्रैल को X पर कहा, "अरविंद केजरीवाल कई सालों से डायबिटीज के मरीज हैं। केजरीवाल हर दिन 54 यूनिट इंसुलिन पर हैं। बताया जा रहा है कि जेल प्रशासन उन्हें इंसुलिन नहीं दे रहा है। यह बेहद अमानवीय और जेल नियमों के खिलाफ है।"
लेबर सांसद प्रीत कौर गिल से मुलाकात पर मचा बवाल
हाल ही में चड्ढा की ब्रिटिश लेबर सांसद प्रीत कौर गिल से मुलाकात के बाद हंगामा मच गया, जो सोशल मीडिया पर "खालिस्तान अलगाववाद की वकालत" और भारत विरोधी भावनाओं के लिए जानी जाती हैं।
BJP IT सेल के चीफ अमित मालवीय ने X पर कहा, "जेल में बंद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल कहती हैं, 'भारत के भीतर और बाहर कई ताकतें हैं, जो देश को कमजोर कर रही हैं। हमें सतर्क रहना होगा, इन ताकतों को पहचानना होगा और उन्हें हराना होगा...' उनकी इस बात से पूरी तरह सहमत हूं।"
उन्होंने कहा, "वो शायद यह बताना चाहती हैं कि AAP सांसद राघव चड्ढा ब्रिटिश लेबर सांसद प्रीत के गिल के साथ क्या कर रहे हैं, जो खुले तौर पर K अलगाववाद की वकालत करते हैं, ब्रिटेन में K के लिए फिंडिंग करते हैं, लंदन में इंडिया हाउस के बाहर हिंसक विरोध प्रदर्शन के लिए पैसा देते हैं, अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार भारत विरोधी, मोदी विरोधी, हिंदू विरोधी चीजें पोस्ट करती रहती हैं?"
उन्होंने पूछा, "भारत में चुनावों की घोषणा हो चुकी है, लेकिन अरविंद केजरीवाल के चहेते राघव चड्ढा लंदन में हैं! क्यों? चड्ढा प्रीत गिल के संपर्क में क्यों हैं?"